एच-1बी वीजा हासिल करने वालों में विप्रो सबसे आगे
वाशिंगटन, 6 जनवरी (आईएएनएस)। उच्च प्रशिक्षित पेशेवरों के लिए निर्धारित अमेरिका का एच-1बी वीजा हासिल करने वाली कंपनियों की सूची में विप्रो शीर्ष पर है। विप्रो ने वर्ष 2009 में 1,964 एच-1बी वीजा हासिल किए।
माइक्रोसॉफ्ट 1,318 वीजा के साथ दूसरे और इंटेल 723 वीजा के साथ तीसरे स्थान पर रहा जबकि गूगल 211 वीजा के साथ 25वें स्थान पर रहा। एच-1बी वीजा हासिल करने वाली अन्य बड़ी कंपनियों में आईबीएम इंडिया (695), इंफोसिस (440), पोलेरियो सॉफ्टवेयर लैब इंडिया (254) और सत्यम (219) शामिल हैं।
एशिया और अमेरिका स्थित करीब 200 प्रौद्योगिकी, वित्तीय और सलाह कंपनियों ने वर्ष 2009 में एच-1वीजा के लिए आवेदन किया था। एच-1वीजा हासिल करने वाली कंपनियों की सूची में शीर्ष 25 से बाहर लेकिन शीर्ष 50 में शामिल बड़ी कंपनियों में याहू, अमेजन, एप्पल, टेक्सास इंस्ट्रमेंट्स और आईबीएम हैं।
अमेरिका के कुछ अग्रणी शोध विश्वविद्यालय भी एच-1बी वीजा हालिस करने वाले शीर्ष 50 की सूची में शामिल हैं। इनमें मेरीलैंड विश्वविद्यालय, मिशिगन विश्वविद्यालय, जान हापकिंस विश्वविद्यालय, इलिनॉय विश्वविद्यालय, पेंसिल्वेनिया विश्वविद्यालय, याले विश्वविद्यालय, स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय, हार्वर्ड विश्वविद्यालय, पिट्सबर्ग विश्वविद्यालय, कोलंबिया विश्वविद्यालय और बायलर कॉलेज ऑफ मेडिसीन शामिल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications