ओबामा ने खुफिया व्यवस्था की विफलता स्वीकारी, सुधार का संकल्प
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 6 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा कि क्रिसमस के दिन यात्री विमान में विस्फोट की योजना को विफल करने के बारे में सरकार के पास पर्याप्त सूचनाएं थीं लेकिन उन बिंदुओं को जोड़ पाने की नाकामी बड़ी खुफिया विफलता साबित हुई।
व्हाइट हाउस में अपने सुरक्षा दल के साथ समीक्षा बैठक के बाद एक बयान में ओबामा ने कहा, "क्रिसमस वाले दिन विस्फोटकों से लैस आतंकवादी विमान में सवार होने में सफल रहा,ऐसे में व्यवस्था बेहद विनाशकारी तरीके से विफल रही।"
उन्होंने कहा, "इसका कारण पता लगाना और गड़बड़ी दूर करना मेरी जिम्मेदारी है। इससे हम भविष्य में ऐसे हमलों को रोक सकते हैं।"
इस हमले से पहले अमेरिकी खुफिया विभाग द्वारा कई हमलों के षड्यंत्रों को उजागर करने का उल्लेख करते हुए ओबामा ने कहा, "अमेरिकी सरकार के पास क्रिसमस वाले दिन के हमले के षड्यंत्र को भी उजागर करने और रोकने के लिए पर्याप्त सूचना थी लेकिन हमारा खुफिया विभाग उन बिंदुओं को आपस में जोड़ने में विफल रहा। जिनकी बदौलत संदिग्ध को नो-फ्लाई सूची में डाला जा सकता था।"
राष्ट्रपति ने कहा कि वह स्वीकार करते हैं कि यह खुफिया तंत्र से ठीक से काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट हो चुका है कि खुफिया जानकारियों की ठीक से समीक्षा नहीं की गई और ना ही उनका फायदा उठाया गया। ओबामा ने कहा कि यह अस्वीकार्य है और वह इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications