भारत और जाम्बिया ने आर्थिक रिश्ता मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता जताई
देवीरूपा मित्रा
लुसाका, 6 जनवरी (आईएएनएस)। भारत और जाम्बिया ने अपने आर्थिक रिश्तों को प्रगाढ़ बनाने की प्रतिबद्धता जताई है। खासकर, व्यापार और निवेश क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग के दायरे को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है।
रिश्ते को मजबूत बनाने की अपनी प्रतिबद्धता का इजहार करते हुए भारत पहले से ही जाम्बिया को उदार ऋण मुहैया कराता रहा है। जाम्बिया की यात्रा पर पहुंचे उप राष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी ने इस रिश्ते को ऊंचाई पर पहुंचाने पर जोर दिया।
मंगलवार को यहां पहुंचे अंसारी के सम्मान में जाम्बिया के उप राष्ट्रपति जार्ज कुंडा ने लुसाका के एक पंचसितारा होटल में भव्य पार्टी दी। अंसारी तीन अफ्रीकी देशों की राजकीय यात्रा के प्रथम चरण में जाम्बिया पहुंचे हैं।
होटल में हुए भोज में शामिल मेहमानों को बॉलीवुड और स्थानीय संगीत की धुन पर थिरकने का मौका मिला। भोज की शुरुआत बॉलीवुड फिल्म सलामे-इश्क के एक गाने से हुई। भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य और स्थानीय मेहमान इस पर झूमते नजर आए। इसके बाद एक स्थानीय भारतीय कलाकार ने भरतनाट्यम नृत्य पेश कर मेहमानों का मन मोह लिया।
जाम्बिया के उप राष्ट्रपति ने इस मौके पर दोनों दशों के ऐतिहासिक रिश्ते पर रोशनी डाली। उन्होंने कहा कि जाम्बिया से भारत में आयात में भारी इजाफा हुआ है। वर्ष 2004 की तुलना में 2008 में आयात में 91 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है और यह 22.6 करोड़ डालर के बिंदु पर पहुंच गया है।
उन्होंने कहा, "हमारी सरकार भारतीय निवेश पूंजी को आकर्षित करने के लिए उपयुक्त माहौल तैयार करती रही है। भारत की भेल और टाटा जैसी कंपनियों की ओर से जाम्बिया में भारी निवेश हुआ है।"
अंसारी ने जाम्बिया की कंपनियों से आग्रह किया कि वे भारत द्वारा कॉमन मार्केट फॉर ईस्टर्न एंड सॉदर्न अफ्रीकन स्टेट्स(कोमेसा) की वित्तीय शाखा प्रीफरेशिंयल ट्रेड एरिया बैंक के तहत उपलब्ध उदार ऋण का फायदा उठाएं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications