तीसरे बिना बुलाए मेहमान ने रात्रिभोज में शामिल होना स्वीकारा
वाशिंगटन, 6 जनवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के सम्मान में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा द्वारा दिए गए रात्रिभोज में कथित रूप से बिना बुलाए घुसने वाले तीसरे व्यक्ति के वकील ने स्वीकार किया कि उसका मुवक्किल भोज में शामिल था लेकिन पहले दोनों बिन बुलाए मेहमानों के विपरीत उसने दावा किया कि वह अवांछित मेहमान नहीं था।
सबसे पहले तीसरे बिन बुलाए मेहमान की पहचान कार्लोस एलेन के रूप में करने वाले समाचार पत्र 'वाशिंगटन पोस्ट' ने मंगलवार को कहा कि उसके वकील ने ऐसी कई जानकारियां नहीं दी कि एलेन व्हाइट हाउस की मेहमान सूची में शामिल नहीं होने के बावजूद रात्रिभोज में कैसे शामिल हुआ और न ही उसने निमंत्रण का कोई सबूत दिया।
वाशिंगटन के सम्मानित बचाव वकील ए.स्कॉट बोल्डेन ने कहा कि एलेन (39 वर्ष) के राजकीय रात्रिभोज में उपस्थित रहने की जांच की जा रही है और सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने उससे पूछताछ की। एलेन जांचकर्ताओं से सहयोग कर रहा है।
तारिक और मिशेल सलाही के अलावा एक अन्य व्यक्ति के भी बिन बुलाए व्हाइट हाउस में 24 नवंबर को आयोजित रात्रिभोज में शरीक होने की सोमवार को सीकेट्र सर्विस ने पुष्टि की।
एलेन ने सोमवार को इस बात से इंकार किया था कि वह रात्रिभोज में शामिल हुआ था या खुफिया अधिकारियों ने उससे पूछताछ की।
बोल्डेन ने कहा कि उनका मुवक्किल एक ऑनलाइन पत्रिका 'हश्सोसायटीमैगजीनडॉटनेट' का प्रकाशक है, जिसमें धनी लोगों की परोपकारी गतिविधियों का ब्योरा होता है। अखबार ने उसे पार्टियों का आयोजक बताया है जो गलत है।
बोल्डेन ने कहा कि एलेन पार्टियों का आयोजक नहीं वरन एक उद्यमी है और उसकी वेबसाइट को हर महीने हजारों लोग पढ़ते हैं। उन्होंने इससे इंकार किया कि उनके मुवक्किल के सलाही दंपति के साथ कोई संबंध है।
व्हाइट हाउस ने एलेन के मामले पर कोई टिप्पणी करने से इंकार किया लेकिन एक अज्ञात अधिकारी ने कहा कि व्हाइट हाउस तीसरे व्यक्ति के अवांछित प्रवेश की घटना से अवगत है।
एलेन भारतीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ रात्रिभोज में प्रवेश करने में सफल रहा। सूत्रों के अनुसार एलेन भारतीय दूतावास से विलार्ड होटल पहुंचा जहां मनमोहन सिंह और उनका प्रतिनिधिमंडल ठहरा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications