गडकरी ने भाजपा-राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को सराहा
आज यहां जारी एक बयान में गडकरी ने कहा कि सर्वे के प्रथम पांच राज्यों में चार भाजपा और राजग शासित राज्य हैं। पहली पंक्ति में कांग्रेस शासित राज्य नदारद हैं। तीव्रतर प्रगति वाले राज्यों में गुजरात प्रथम है, जिसने नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 2004-05 से 2008-09 में 11़ 05 प्रतिशत विकास दर प्राप्त की है।
उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी उपलब्धि राजग शासित प्रदेश की बिहार है, जिसकी पिछले चार वर्षो की विकास दर 11़ 03 प्रतिशत है और यह सबसे तेजी से विकास करने वाला राज्य है। यह तब संभव हुआ जब मुख्यमंत्री नीतिश कुमार एवं उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री सुशील कुमार मोदी के नेतृत्व में राजग सरकार ने सफल प्रदर्शन किया।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बिहार आज बीमारू राज्यों की श्रेणी से बाहर निकल विकास दर के पैमाने पर विकसित राज्यों से भी आगे निकल चुका है। इस तत्परता और तीव्रता से संचालित कार्यक्रमों के लिए बिहार की राजग सरकार बधाई की पात्र है।
भाजपा शासित उत्तराखंड भी विकास दर में आगे है वह देश में तीसरे स्थान पर है, जिसकी विकास दर 9़ 31 प्रतिशत है। गडकरी ने कहा कि दो तिहाई जंगल से घिरे इस प्रदेश ने विकास के सीमित संसाधनों के बावजूद जितनी तीव्रता से प्रगति की है, यह स्वागत योग्य है।
गडकरी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के प्रधानमंत्रित्व काल में विकास की जो संभावनाएं परिभाषित एवं प्रमाणित की गई थी और जिनमें भाजपा ने सतत् विश्वास रखा है वही आज सार्थक होती दिखाई दे रही है। उसी का परिणाम है कि भाजपा शासित राज्य कांग्रेस शासित राज्यों से आगे निकल चुके हैं। यह भाजपा की विकासोन्मुख विचारधारा का भी परिचायक है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications