शीतलहर का प्रकोप जारी, दिल्ली में 29 रेलगाड़ियां रद्द (राउंडअप)

उत्तर रेलवे के प्रवक्ता अनंत स्वरूप ने आईएएनएस को बताया, "राजधानी में बुधवार को घने कोहरे के कारण 29 रेलगाड़ियों को रद्द कर दिया गया जबकि चार के समय में बदलाव किया गया। वहीं 12 रेलगाड़ियां निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं।"

रद्द की गई रेलगाड़ियों में जयपुर- अमृतसर एक्सप्रेस, बरेली-प्रयाग एक्सप्रेस, झांसी जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस और गढ़वाल एक्सप्रेस शामिल हैं। देर से चलने वाली रेलगाड़ियों में काशी-विश्वनाथ एक्सप्रेस और कालका मेल शामिल हैं।

दिल्ली में दो दिन आसमान साफ रहने के बाद बुधवार तड़के फिर से कोहरा छा गया हालांकि उड़ानों की आवाजाही पर इसका कुछ असर नहीं पड़ा।

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार सुबह सात बजे दृश्यता 100 मीटर थी लेकिन नौ बजे यह बढ़कर 400 मीटर हो गई। विभाग के अधिकारी के अनुसार, "सुबह घना कोहरा रहने से दृश्यता का स्तर घट गया लेकिन दिन चढ़ने के साथ-साथ स्थिति बेहतर हुई।"

पिछले हफ्ते घने कोहरे की वजह से इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर विमानों की आवाजाही बाधित हुई थी। लेकिन बुधवार सुबह उड़ानों की आवाजाही सामान्य रही। हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया, "उड़ानों की आवाजाही के लिए दृश्यता पर्याप्त थी। सुबह कोहरे के कारण इनमें कोई बाधा नहीं पहुंची।"

यमुना नदी और उसके आसपास कोहरा काफी घना था जिससे लोगों को दफ्तर पहुंचने में खासी दिक्कत पेश आई। न्यूनतम तापमान सामान्य से कम 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मध्य प्रदेश मे सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है और पारा चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। इसका जनजीवन पर भी असर पड़ रहा है। रात में सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है पर दिन में निकलने वाली धूप थोड़ी राहत दे जाती है।

पिछले 24 घंटों में आए बदलाव से मौसम पर सर्द हवाओं ने कब्जा जमा लिया है। आलम यह है कि पूरा प्रदेश ही शीतलहर की गिरफ्त में आ गया है। अधिकांश हिस्सों में तापमान चार से 10 डिग्री के आसपास आकर ठहर सा गया है। इतना ही नहीं कोहरे की मार ने भी जनजीवन प्रभावित किया है।

बिहार में शीत लहर का प्रकोप जारी है। सर्दी के कारण लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शीतलहर और फिर कोहरे के कारण धूप न निकलने की वजह से लोगों की परेशानियों में इजाफा हो रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक पटना में बुधवार को न्यूनतम तापमान 6़ 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मंगलवार की तुलना में पांच डिग्री कम है। मंगलवार को पटना का न्यूनतम तापमान 11़ 5 सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

राज्य में गया बुधवार को राज्य का सबसे सर्द स्थान रहा जहां का न्यूनतम तापमान 5़ 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा बुधवार को भागलपुर का न्यूनतम तापमान 9़ 4 तथा पूर्णिया का 6़ 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उड़ीसा में शीतलहर के कारण सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बुधवार को राज्य का न्यूनतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस कम रिकार्ड किया गया।

भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक ने आईएएनएस को बताया कि कंधमाल जिले का फुलबानी शहर राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अधिकारी ने बताया कि नौ डिग्री से कम तापमान रहने वाले शहरों में प्रमुख हैं सुंदरगढ़ (7.4),बोलांगीर (7.5),संबलपुर (7.6),बरीपद (8.4),कोरापुट (8.5)और अंगुल में (9) डिग्री सेल्सियस।

तटीय शहर पुरी, गोपालपुर, पारादीप और बालासोर में न्यूनतम तापमान 15.5, 15.6, 15.1 और 10.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। राजधानी भुवनेश्वर और कटक का न्यूनतम तापमान 14.4 और 13.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बुधवार को शुष्क मौसम के चलते न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि शिमला में रात के तापमान में काफी वृद्धि हुई है।

शिमला में बुधवार को सुबह का न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मंगलवार के तापमान से 3.4 डिग्री ज्यादा रहा। सिंह ने बताया कि दिन में धूप होने की वजह से तापमान में सुधार आया है। शिमला में न्यूनतम तापमान औसत से सात डिग्री अधिक दर्ज किया गया।

सिंह ने बताया कि कांगड़ा जिले के धर्मशाला में रात के तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़त हुई। वहां का न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया ।

किन्नौर जिले के कल्पा में मंगलवार को तापमान शून्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस कम और बुधवार को शून्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश में कई दिन बाद बुधवार को धूप निकलने से शीत लहर का प्रकोप झेल रहे लोगों ने थोड़ी राहत की सांस ली है हालांकि शीत लहर का प्रकोप बदस्तूर जारी है।

बुधवार को छाया घना कोहरा सुबह नौ बजे तक छंट गया और पिछले करीब एक सप्ताह से सूरज के दशर्न को तरस रहे लोगों को धूप दिखी लेकिन धूप निकलने के बावजूद ठिठुरन से प्रदेशवासियों को किसी भी तरह की राहत नहीं मिल रही है।

मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने बुधवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के कारण वहां से आने वाली सर्द हवाएं प्रदेशभर में ठिठुरन बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि दिन में धूप निकलने के बावजूद ठिठुरन का प्रकोप बना रहेगा। आने वाले दिनों में सर्दी से राहत मिलने की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में आगरा सबसे सर्द स्थान रहा, जहां सबसे कम 5.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जबिक लखनऊ का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

सर्दी के मद्देनजर राज्य सरकार की ओर से कक्षा आठ तक के सभी निजी और सरकारी स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जम्मू एवं कश्मीर के लद्दाख जिले में बुधवार को अधिकतम तापमान भी शून्य से नीचे होने की वजह से कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक कश्मीर घाटी में जबरदस्त सर्दी के रहने के आसार हैं।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि लेह में अधिकतम तापमान शून्य है और न्यूनतम तापमान शून्य से 19.2 डिग्री नीचे रहा।

कारगिल में अधिकतम तापमान शून्य से नीचे 4.6 डिग्री व और न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया ।

अधिकारी के कहा, "जबकि श्रीनगर के तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। श्रीनगर का अधिकतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+