ओबामा ने गुआंटोनामो के कैदियों को यमन भेजने पर रोक लगाई
वाशिंगटन, 6 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने मंगलवार को गुआंटोनामो खाड़ी जेल के कैदियों को यमन वापस भेजने पर रोक लगा दी है। अलकायदा की यमन स्थित शाखा ने ही डेट्रॉयट जा रहे अमेरिकी विमान में विस्फोट की साजिश रची थी।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार गुआंटोनामो जेल में अभी भी बचे करीब 200 कैदियों में से आधे यमन के नागरिक हैं।
ओबामा ने कहा कि प्रशासन जेल को बंद करने के इरादे पर कायम है लेकिन यमन की अस्थिर स्थिति को देखते हुए उनका हस्तातंरण रोकने को बाध्य होना पड़ा।
ओबामा ने कहा, "हम अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा और अलकायदा में भर्ती का एक कारण बन गई गुआंटानामो जेल को बंद करेंगे।"
गुआंटोनामो से रिहा दो कैदियों के 'अरब प्रायद्वीप में अलकायदा' के प्रमुख संगठनकर्ता बनने की खबरों के बाद व्हाइट हाउस दबाव में है। इसी संगठन ने क्रिसमस के दिन विमान में विस्फोट प्रयास की योजना बनाने की जिम्मेदारी ली।
ओबामा ने एक वर्ष पहले वादा किया था कि 22 जनवरी तक गुआंटानामो जेल को बंद कर दिया जाएगा लेकिन बाद में यह स्वीकार किया कि तय समय सीमा तक ऐसा करना संभव नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications