भोपाल में एक पार्क महिलाओं के लिए आरक्षित
इस पार्क में महिलाएं इस बात से बेफिक्र रहेंगी कि उन पर कोई फब्तियां भी कसेगा। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस पार्क में सुरक्षा की जिम्मेदारी महिलाओं के ही जिम्मे है। मध्य प्रदेश का यह अपनी तरह का पहला महिला पार्क है।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में नगर निगम की बागडोर संभालते ही महापौर कृष्णा गौर ने फिरदौस महिला उद्यान के जरिए महिलाओं को यह सौगात दी है। इस पार्क में आकर्षक फिसल पट्टियों के साथ ही मनभावन फव्वारे भी हैं।
वैसे से तो यह पार्क 70 के दशक में ही बना था, लेकिन अभी तक वह हर किसी के लिए हुआ करता था। अब इसे महिलाओं के लिए आरक्षित कर दिया गया है। शहर के मध्य स्थित इस पार्क में संकर प्रजाति के पौधों को आकर्षक रूप में लगाया गया है। पार्क की सुरक्षा से लेकर अन्य सभी जिम्मेदारियां महिलाओं के हाथों में हैं। पार्क में महिलाओं के साथ सिर्फ तीन साल तक के बच्चों को ही जाने की अनुमति है। अलबत्ता रात में पार्क की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुरुषों के हाथों होगी।
लगभग एक एकड़ क्षेत्र में फैले इस पार्क को महिलाओं के लिए आरक्षित करने का एलान प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री बाबूलाल गौर ने किया था। गौर की घोषणा के मुताबिक ही इस पार्क को नया रूप दिया गया है और सोमवार से इसे महिलाओं के लिए विधिवत खोल दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
* *












Click it and Unblock the Notifications