अमर सिंह का सपा के सभी पदों से इस्तीफा, मुलायम हैं बेखबर (लीड-2)
अमर सिंह इस समय दुबई में हैं। उन्होंने एनडीटीवी से बातचीत में कहा, "मैं शायद ही आराम कर पाता हूं। चिकित्सक मुझे कहते हैं कि यह मेरे स्वास्थ्य के लिए अच्छा नहीं है। 53 साल की उम्र में मैं अब छुट्टी लेने का अधिकार रखता हूं और परिवार के सदस्यों को अधिक से अधिक वक्त देना चाहता हूं। 20 सालों के अथक परिश्रम के बाद परिवार को मुलायमसिंहजी और पार्टी की अपेक्षा ज्यादा प्राथमिकता मिलनी चाहिए।"
उन्होंने मुलायम से किसी भी प्रकार के मतभेद होने से इंकार किया और साथ ही इस बात पर भी जोर दिया कि वह अपना इस्तीफा वापस नहीं लेंगे।
उन्होंने कहा, "मैंने स्वास्थ्यगत कारणों से इस्तीफा दिया है। मुझे अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों के प्रति ज्यादा ध्यान देना होगा। मुलायम सिंह के साथ मेरे कोई मतभेद नहीं हैं।"
उन्होंने कहा, "मुलायम सिंह ने जो अवसर मुझे दिए हैं उनके लिए मैं उनका आभारी हूं और जीवनभर मैं उनके खिलाफ एक शब्द भी नहीं बोलूंगा।"
सिंह ने कहा, "अमर सिंह रहे या न रहे पार्टी बेहतर काम करेगी। पार्टी में बहुत क्षमताएं हैं। कई महासचिव हैं।" उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी।
सक्रिय राजनीति छोड़ने की संभावनाओं को खारिज करते हुए सिंह ने कहा, "मुझे पर अतिरिक्त बोझ हो गया है। मैं इतनी बड़ी जिम्मेदारियां नहीं उठा सकता।"
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी तीन बार अपना इस्तीफा मुलायम सिंह को सौंप चुके हैं लेकिन हर बार उन्होंने इसे अस्वीकार कर दिया। "इस बार मैं उन्हें उपकृत नहीं करूंगा क्योंकि मेरा परिवार और मेरी बेटियां मेरी प्राथमिकता है।"
अमर सिंह का पिछले साल सिंगापुर में गुर्दा प्रत्यारोपण किया गया था। वह शुक्रवार को दुबई से लौट सकते हैं।
उधर, मुलायम ने अपने गृहनगर इटावा में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "अमर सिंह के इस्तीफे के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है और न ही मैंने कुछ सुना है। हां, अगर ऐसा है भी तो, यह हमारी पार्टी का आंतरिक मामला है, आप लोगों (संवाददाताओं) को इसमें इतनी दिलचस्पी नहीं लेनी चाहिए।"
इस बारे में जब सपा की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी से संवाददाताओं ने पूछा तो उन्होंने कहा कि हमें आधिकरिक तौर पर अमर सिंह जी का कोई इस्तीफा नहीं मिला है और प्रदेश मुख्यालय में इस्तीफे के संदर्भ में कोई फैक्स भी नहीं आया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications