श्रीलंका के राष्ट्रपति चुनाव में फोनसेका को टीएनए का समर्थन
श्रीलंका की प्रमुख तमिल पार्टी तमिल नेशनल एलायंस (टीएनए) ने जनरल फोनसेका का समर्थन करने के लिए अल्पसंख्यक तमिलों का आह्वान किया है। ज्ञात हो कि 225 सदस्यीय श्रीलंकाई संसद में टीएनए के 22 सदस्य हैं। फोनसेका विपक्ष के उम्मीदवार हैं और वर्तमान राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे से उनका मुकाबला है।
टीएनए नेता आर.संपथन ने कोलंबो में कहा, "हम महसूस करते हैं कि फोनसेका अल्पसंख्यकों की समस्याओं की ज्यादा बेहतर समझ रखते हैं।"
फोनसेका के नेतृत्व में ही श्रीलंकाई सेना ने मई महीने में लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) को पराजित किया था। लेकिन उसके बाद राष्ट्रपति राजपक्षे से उनके संबंध बिगड़ गए और उन्होंने उनके खिलाफ चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया।
संपथ ने कहा है कि फोनसेका को समर्थन देने के लिए कोई शर्त नहीं रखी गई है, लेकिन उनके साथ बातचीत के दौरान अल्पसंख्यकों के मुद्दे को उठाया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications