मेट्रो पहुंची आनंद विहार (लीड-1)
दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित और शहरी विकास मंत्री एस.जयपाल रेड्डी ने हरी झंडी दिखाकर 6.25 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर मेट्रो को रवाना किया।
मेट्रो नेटवर्क की इस चौथी लाइन पर पांच स्टेशन-लक्ष्मीनगर, निर्माण विहार, प्रीत विहार, कड़कड़डूमा और आनंद विहार हैं। अंतिम दोनों स्टेशनों पर पार्किं ग की सुविधाएं हैं। इस मार्ग पर हर रोज करीब 100,000 यात्रियों के मेट्रो सेवा का उपयोग करने की उम्मीद है।
इस लाइन से उत्तर प्रदेश के दो और स्टेशन कौशाम्बी और वैशाली इस साल सितम्बर तक जुड़ जाएंगे।
आनंद विहार के रहने वाले मानविंदर सिंह ने आईएएनएस को बताया कि नई लाइन शुरू होने से समय में बचत होगी। घर से दफ्तर तक की यात्रा अब सरल हो गई है और अब रोज घर आसानी से लौटा जा सकेगा।
मेट्रो नेटवर्क में आ रही तकनीकी गड़बड़ियों के सवाल पर दिल्ली मेट्रो के अध्यक्ष ई. श्रीधरन ने बताया कि जर्मनी से आई 80 सदस्यीय टीम तकनीकी गड़बड़ियों की निगरानी कर रही है। हमने देखा है कि पिछले कुछ दिनों से कोई समस्या नहीं हुई है।
उन्होंने बताया कि 83 नई ट्रेनों का ऑर्डर दिया जा चुका है जबकि 16 पहले से ही आ चुकी हैं। नई ट्रेनों में चार से छह कोच होंगे।
मेट्रो के अधिकारियों ने कहा कि वे इस मार्ग पर तीन या चार रेलगाड़ियों को लगाएंगे। वर्ष 2002 में छोटे पैमाने पर सेवाएं शुरू करने वाली मेट्रो से इस समय प्रतिदिन करीब 900,000 यात्री सफर करते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications