महारानी एलिजाबेथ की ताजपोशी की हीरक जयंती पर होगा भव्य उत्सव
ब्रिटेन के लिए वर्ष 2012 दोहरी खुशी लेकर लाएगा। उस साल न सिर्फ महारानी की ताजपोशी की हीरक जयंती मनेगी, बल्कि देश को दुनिया के सर्वाधिक प्रतिष्ठित खेल समारोह ओलंपिक की मेजबानी करने का सौभाग्य भी प्राप्त होगा। तय योजना के मुताबिक इस मौके को यादगार बनाने के लिए 2012 में 2 से 5 जून तक सार्वजनिक अवकाश होगा।
एक कैबिनेट मंत्री लार्ड पीटर मैंडलसन ने आज मीडिया से बात करते हुए कहा, "महारानी के राज्यारोहण के 60 साल पूरे होना वाकई हमारे लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है। हमें मालूम है कि पूरे मुल्क को इस क्षण का इंतजार होगा। पूरा देश राष्ट्रनिर्माण में महारानी के योगदान का जश्न मनाना चाहता है। हम सभी उनके प्रति आभार प्रकट करना चाहते हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने जो उपलब्धियां हासिल की हैं, उन पर हमें गर्व है।"
उन्होंने बताया कि इस मौके पर कई रंगारंग कार्यक्रम होंगे। जगह-जगह पार्टियों का आयोजन होगा एवं इस मौके पर उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले लोगों को पदक दिए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि महारानी विक्टोरिया के बाद एलिजाबेथ ही ऐसी दूसरी महारानी हैं जिन्हें अपनी ताजपोशी की हीरक जयंती मनाने का सौभाग्य प्राप्त होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications