ज्योति बसु की हालत चिंताजनक, वेंटिलेटर पर रखा गया (लीड-2)
कोलकाता, 6 जनवरी (आईएएनएस)। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वयोवृद्ध नेता और पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु की हालत चिंताजनक बनी हुई है। उन्हें कृत्रिम श्वसन प्रणाली (वेंटिलेटर) पर रखा गया है। वह निमोनिया से पीड़ित हैं। उन्हें पिछले सप्ताह अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
बसु की तबीयत बुधवार सुबह और बिगड़ गई। एएमआरआई अस्पताल में बसु की चिकित्सा के लिए गठित छह सदस्यीय चिकित्सों का दल शाम को फिर से उनके स्वास्थ्य की समीक्षा करेगा।
इससे पहले, चिकित्सकों के दल द्वारा जारी स्वास्थ्य बुलेटिन में कहा गया, "बसु की हालत चिंताजनक है। सांस लेने में तकलीफ होने बाद उनको बुधवार को कृत्रिम श्वसन प्रणाली पर रखा गया।"
बुलेटिन में कहा गया, "उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है। चिकित्सकों का दल फिर शाम पांच बजे बैठेगा और उनके स्वास्थ्य की समीक्षा करेगा। उन्हें सभी आवश्यक दवाइयां दी जा रही है।"
एएमआरआई अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक देबाशीष शर्मा ने आईएएनएस को बताया कि उनकी हालत गंभीर है।
बसु के निजी सहायक जॉयकृष्ण घोष ने आईएएनएस को बताया, "बसु को सांस लेने में तकलीफ हो रही है और बुधवार सुबह उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। चिकित्सकों ने उनको तत्काल वेंटिलेटर पर रखा।"
निमोनिया के कारण बसु (95 वर्ष) को पिछले हफ्ते कोलकाता के साल्टलेक स्थित एक एएमआरआई अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
वर्ष 1914 में कोलकाता में जन्में बसु जून 1977 में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बने थे। स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने नवंबर 2000 में मुख्यमंत्री पद छोड़ दिया था।
माकपा के संस्थापक सदस्यों में से एक बसु का वर्ष 1996 में प्रधानमंत्री बनना तय था लेकिन पार्टी ने इस प्रस्ताव पर वीटो कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications