सी. पी. सिंह झारखण्ड विधानसभा अध्यक्ष निर्वाचित
रांची, 6 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक सी. पी. सिंह को बुधवार को झारखण्ड विधानसभा का नया अध्यक्ष चुन लिया गया। वह इस पद के लिए निर्विरोध चुने गए। सत्ताधारी और विपक्षी दलों की ओर से सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष के लिए सिंह का नाम प्रस्तावित किया गया था।
विधानसभा अध्यक्ष चुने जाने के बाद मुख्यमंत्री शिबू सोरेन, उपमुख्यमंत्री रघुबर दास और सुदेश महतो तथा कांग्रेस व राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायकों ने सिंह को विधानसभा अध्यक्ष की कुर्सी पर बिठाया।
बाद में पत्रकारों से बातचीत में सिंह ने कहा, "मुझे उम्मीद है कि सत्ताधारी दलों के अलावा विपक्ष की ओर से भी मुझे भरपूर सहयोग मिलेगा। मैं अध्यक्ष की कुर्सी की गरिमा बरकरार रखने की भरपूर कोशिश करूंगा।"
सिंह पहली बार 1995 में रांची विधानसभा के लिए चुने गए थे। इसके बाद 2000, 2005 और हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने जीत दर्ज की।
सिंह के समर्थन में सोमवार को नामांकन पत्र के छह सेट जमा किए गए थे। झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), भाजपा, जनता दल (युनाइटेड) और ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) की ओर से सिंह के नाम का प्रस्ताव किया गया जिसका कांग्रेस और झारखण्ड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) ने समर्थन किया था।
उल्लेखनीय है कि राज्य में हाल ही में संपन्न चुनाव के बाद झामुमो अध्यक्ष शिबू सोरेन की अगुवाई में झामुमा, भाजपा, आजसू और जद (यू) की गठबंधन सरकार बनी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications