दुर्व्यवहार के आरोपी फुटबालरों की प्रायोजक है शक्तिवर्धक दवा निर्माता कंपनी
क्लब के तीन खिलाड़ियों पर मंगलवार को विमानन कंपनी स्पाइस जेट की एक विमान परिचारिका ने दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था। यह कथित घटना उस वक्त की है जब चर्चिल ब्रदर्स के 23 खिलाड़ी मुंबई से कोलकाता जाने की तैयारी में थे।
विमान परिचारिका की शिकायत के बाद टीम को रोक लिया गया और तीन आरोपी खिलाड़ियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया। इनमें नाइजीरिया के फुटबालर ओदाफा ओकोली भी हैं जो इस क्लब के स्टार स्ट्राइकर हैं। चर्चिल ब्रदर्स को कोलकाता में आई-लीग में स्थानीय क्लब मोहन बागान के खिलाफ मैच खेलना था।
क्लब के साथ इस कंपनी ने बीते साल सितम्बर में तीन वर्षो के लिए एक करार किया था। यह कंपनी मशहूर आयुर्वेदिक दवा 'मुसली पावर एक्सट्रा' बनाती है। इस दवा का इस्तेमाल लोग यौन समस्याओं से निजात पाने के लिए करते हैं।
इस करार के बाद ही इस क्लब को 'मुसली पावर- चर्चिल बदर्स' नाम दिया गया था। करार के बाद खिलाड़ी इस नए नाम की जर्सी भी पहनने लगे थे। बताया जाता है कि यह करार नौ करोड़ रुपये का था।
चर्चिल ब्रदर्स के मालिक गोवा के लोक निर्माण मंत्री चर्चिल एलेमाओ का परिवार है और इसके अध्यक्ष उनके भाई जोआक्वि म एलेमाओ हैं। उन्होंने इस अटकल से इंकार किया कि विवाद के बाद दवा कंपनी 'कुन्नाथ' क्लब के साथ अपना नौ करोड़ रुपये का करार तोड़ लेगी।
जोआक्वि म एलेमाओ ने आईएएनएस से कहा, "इस तरह की कोई बात नहीं है। मैंने कुछ भी नहीं सुना है। जब कोई दुर्व्यवहार नहीं हुआ तो प्रायोजन खत्म होने का सवाल कहा हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications