गुरुवार से नई दिल्ली में शुरू होगा प्रवासियों का सालाना जमावड़ा
नई दिल्ली, 6 जनवरी (आईएएनएस)। दुनिया के 130 देशों में फैले 2.5 करोड़ प्रवासी भारतीयों और भारत के बीच संपर्क सेतु की भूमिका निभाने वाला सालाना प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन गुरुवार से शुरू होगा। इसमें 50 से ज्यादा देशों के करीब 1,500 प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है।
राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील नौ जनवरी को इस सम्मेलन को संबोधित करेंगी, जबकि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह शुक्रवार को इसे संबोधित करेंगे। इसका आयोजन विज्ञान भवन में होगा। इसमें 14 राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्रिमंडल के कई सदस्य भाग लेंगे।
राष्ट्रपति की ओर से उन प्रवासी भारतीयों को प्रतिष्ठित प्रवासी भारतीय सम्मान दिया जाएगा जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में विशिष्ट उपलब्धि हासिल की है। इस बार के सम्मेलन में हैंप्सटीड के लार्ड खालिद हमीद प्रमुख अतिथि की हैसियत से भाग लेंगे। सम्मेलन का मूल विषय है -प्रवासियों से संपर्क : भावी कदम।
उल्लेखनीय है कि महात्मा गांधी के दक्षिण अफ्रीका से भारत आगमन की ऐतिहासिक परिघटना की याद में हर साल इसका आयोजन किया जाता है। प्रवासी भारतीय कार्य मंत्रालय और भारतीय उद्योग परिसंघ द्वारा आयोजित इस सम्मेलन की शुरुआत प्रधानमंत्री आवास पर प्रधानमंत्री की वैश्विक सलाहकार परिषद की बैठक से होगी। पूरे कार्यक्रम का मंत्रालय की वेबसाइट पर लाइव वेबकास्ट होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications