गुजरात में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी गिरफ्तार
गांधीनगर, 6 जनवरी (आईएएनएस)। गुजरात में वर्ष 2001 में आए भूकंप के पीड़ितों को भूमि आवंटित करने में अनियमितताएं बरतने के आरोप में बुधवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के एक वरिष्ठ अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया गया।
राज्य के आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) ने अधिकारी प्रदीप शर्मा की गिरफ्तारी की। उल्लेखनीय है कि भूकंप पीड़ितों को भूमि आवंटित करने में कथित अनियमितताएं बरतने वाले शर्मा भूकंप से सवार्धिक प्रभावित हुए कच्छ जिले के जिला अधिकारी रह चुके हैं।
शर्मा फिलहाल भावनगर के निगमायुक्त हैं। उन्हें गिरफ्तार करके कच्छ जिले के मुख्यालय भुज ले जाया जा रहा है। वर्ष 2006 में दायर की गई एक निजी शिकायत के मद्देनजर उनकी गिरफ्तारी की गई है। शर्मा वर्ष 1994 बैच के अधिकारी हैं। वह वर्ष 2003 से 2006 तक कच्छ के जिला अधिकारी रहे थे।
यह मामला 70 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की 17 एकड़ जमीन के आवंटन से जुड़ा है। जमीन 479 लोगों को आवंटित की गई थी। शुरुआती जांच के अनुसार जिन लगभग 400 लोगों को भूमि आवंटित की गई वे इसके लिए उपयुक्त नहीं थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications