भारत-विरोधी तत्वों की मदद के लिए नेपाल का इस्तेमाल कर रहा है पाक?
काठमांडू, 6 जनवरी (आईएएनएस)। पाक खुफिया एजेंसियों द्वारा प्रायोजित फर्जी भारतीय मुद्राओं एवं मादक द्रव्यों के गोरखधंधे में संलिप्तता के आरोप में एक प्रभावशाली नेपाली नेता के पुत्र के पकड़े जाने से इसकी पुष्टि होती है कि पाकिस्तान भारत-विरोधी तत्वों की मदद के लिए नेपाल का इस्तेमाल कर रहा है।
पूर्व मंत्री सलीम मियां अंसारी के पुत्र युनूस अंसारी की गिरफ्तारी से नेपाल में पाक प्रायोजित भारत विरोधी गतिविधियों की पुष्टि होती है। अंसारी पर पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई और अंडरवर्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम से संबंध रखने का आरोप रहा है।
भारतीय अधिकारियों द्वारा उपलब्ध जानकारी के आधार पर नेपाल पुलिस के विशेष कार्य बल ने युनूस अंसारी को गिरफ्तार किया। नेपाल के नेशनल रेस्लिंग फेरडरेशन का अध्यक्ष अंसारी एक नए टीवी चैनल का भी प्रमुख है। इस चैनल का नियमित प्रसारण शुरू होना अभी बाकी है।
उसे तीन नेपालियों, दो पाकिस्तानियों, एक अफ्रीकी और एक कैरीबियाई के साथ गिरफ्तार किया गया। वैसे, पुलिस का कहना है कि इस धंधे में युनूस के पिता की भूमिका होने का कोई सबूत नहीं मिला है। युनूस के पिता देश के वन एवं भूमि संरक्षण मंत्री रह चुके हैं।
युनूस और उसके साथियों को पिछले सप्ताह 25 लाख रुपये की जाली भारतीय करेंसी के साथ पकड़ा गया था। उसके पास से करीब 4 किलोग्राम हेरोइन भी बरामद हुई21।
भारत के मध्य प्रदेश राज्य में पिछले साल दो नेपालियों की जाली करेंसी के साथ गिरफ्तारी के बाद युनूस की गतिविधियां संदेह के घेरे में आ गईं। इन दोनों से प्राप्त सूचना के आधार पर नेपाल पुलिस युनूस के खिलाफ सक्रिय हो गई।
सूत्रों ने पहचान गुप्त रखने की शर्त पर बताया कि जब नव वर्ष के मौके पर युनूस का अंगरक्षक काशीराम अधिकारी पाकिस्तानी एजेंटों से संपर्क करने के लिए थामेल पहुंचा तो वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। अधिकारी का इस्तेमाल करते हुए पुलिस युनूस और उसके साथियों तक पहुंचने में सफल रही।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications