चण्डीगढ़, निकटवर्ती राज्यों में सर्दी बढ़ी, कोहरा छाया
चण्डीगढ़, 2 जनवरी (आईएएनएस)। चण्डीगढ़ और उसके पड़ोसी राज्यों पंजाब और हरियाणा के निवासियों ने शनिवार को सर्द सुबह के बीच नींद से आंखें खोलीं। पारा गिरने के साथ अत्याधिक कोहरा छाने की वजह से इस क्षेत्र के ज्यादातर इलाकों में सड़क, रेल और हवाई परिवहन प्रभावित हुआ।
मौसम विज्ञान कार्यालय के एक अधिकारी के मुताबिक शनिवार को चण्डीगढ़ का न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस था, जो कि औसत से तीन डिग्री कम था।
अधिकारी ने कहा, "शुक्रवार रात से ही ज्यादातर इलाकों में कोहरा छाया हुआ है। इस वजह से दृश्यता केवल 100 से 200 मीटर रह गई है।"
कोहरा और बादल छाए रहने से सड़क, रेल व हवाई परिवहन प्रभावित हुआ जिससे लोगों का सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। चण्डीगढ़ व अमृतसर हवाईअड्डे पर विभिन्न उड़ानों के आगमन और प्रस्थान के समय में देरी हो रही थी।
पंजाब और हरियाणा के ज्यादातर राजमार्गो पर घने कोहरे के कारण यातायात कम हो गया है।
अत्यधिक कोहरे के कारण शनिवार सुबह तीन बजे के करीब उत्तरी ग्रिड में खराबी आ जाने से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू एवं कश्मीर और चण्डीगढ़ के कई इलाके अंधेरे में डूब गए।
पंजाब का अमृतसर इस क्षेत्र का सबसे सर्द इलाका रहा। यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 1.2 डिग्री नीचे रहा। यद्यपि लुधियाना और पटियाला शहर अपेक्षाकृत गर्म रहे। शनिवार को लुधियाना में न्यूनतम तापमान सात डिग्री और पटियाला में 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पड़ोसी राज्य हरियाणा के अंबाला, हिसार और करनाल में न्यूनतम तापमान क्रमश: 7.3, 8.3 और 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications