आंध्रा: सांसदों, विधायकों ने इस्तीफे दिए

विरोधी तेवर अख्तियार करने वाले इन विधायकों और सांसदों ने सरकार के इस 'एकपक्षीय' निर्णय के खिलाफ प्रदर्शन करने की भी धमकी दी है। खबरों में कहा गया है कि सत्ताधारी कांग्रेस के 45, मुख्य विपक्षी दल तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के 17 और प्रजा राज्यम पार्टी (पीआरपी) के 11 विधायकों ने या तो इस्तीफा दे दिया है या फिर इस्तीफा देने की पेशकश की है। विजयवाड़ा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के सांसद एल. राजगोपाल इस्तीफा देने वालों में सबसे आगे रहे।
आपात बैठक
पार्टी के एक अन्य सांसद आर. संभासिवा राव ने भी त्यागपत्र दे दिया है। दो अन्य सांसदों ने भी इस्तीफे की पेशकश की है लेकिन इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार शाम नई दिल्ली में आंध्र प्रदेश के पार्टी के सभी सांसदों की एक आपात बैठक बुलाई है। पूर्व मंत्री और कांग्रेस के विधायक जे. सी. दिवाकर रेड्डी सबसे पहले इस्तीफा देने वाले विधायकों में शामिल रहे।
विधानसभा अध्यक्ष किरन कुमार रेड्डी को भेजे इस्तीफे में रेड्डी ने कहा कि राज्य के बंटवारे के विरोध में वह त्यागपत्र दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री के. रोसैया ने कहा है कि इस्तीफों के संदर्भ में उनके पास कोई सूचना नहीं है। दूसरी ओर तेदेपा अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू और पीआरपी प्रमुख के. चिरंजीवी ने अपने विधायकों को आपात बैठक बुलाई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications