'बाबरी विध्वंस के लिए वाजपेयी भी जिम्मेदार'

लोकसभा में लिब्रहान आयोग की रिपोर्ट पर चर्चा के दौरान मुलायम सिंह ने रिपोर्ट को 'आधा सच' करार देते हुए कहा कि वर्ष 1992 में बाबरी मस्जिद के विध्वंस के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता अटल बिहारी वाजपेयी भी जिम्मेदार हैं।
हर बैठक में शामिल हुए थे अटल
मुलायम सिंह ने कहा, "अटल जी अगर निर्दोष थे तो 6 दिसंबर 1992 के बाद आखिर उन्हें गिरफ्तार क्यों किया गया था? वह सभी बैठकों में शामिल थे। उन्होंने हमारे घर और कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया था। आप कैसे कह सकते हैं कि अटल जी इसके लिए जिम्मेदार नहीं थे। उन्होंने लोगों की भावना को उकसाया। वह अभी बीमार हैं, मैं कामना करता हूं कि वे जल्द स्वस्थ हो जाएं। लेकिन जहां तक अयोध्या का सवाल है, वे जिम्मेदार हैं।"
मुलायम ने कहा, "बाबरी विध्वंस में भाजपा से लेकर शिव सेना तक सभी शामिल हैं। लिब्रहान आयोग की रिपोर्ट मात्र आधा सच है। क्या शंकर सिंह वाघेला इसमें शामिल नहीं थे? क्या संजय निरूपम वहां नहीं थे। सभी लोग वहां थे।"
मुलायम ने अपना बचाव किया
मुलायम सिंह ने अपने मुख्यमंत्रित्व काल में कार सेवकों पर गोली चलाने के फैसले का बचाव करते हुए कहा, "मस्जिद को बचाने के लिए (1990 में) हमारे सुरक्षा बलों को गोलियां चलानी पड़ी थी, जिसमें 16 लोग मारे गए थे। लेकिन मस्जिद विध्वंस के बाद हुए दंगों में इससे ज्यादा लोग मारे गए थे।"












Click it and Unblock the Notifications