अमेरिका ने पाकिस्तान पर तालिबान से लड़ने का दबाव बढ़ाया
अमेरिकी समाचार पत्र न्यूयार्क टाइम्स ने उच्च पदस्थ सूत्रों के हवाले से यह खबर प्रकाशित की है। अखबार ने अमेरिकी एवं पाक अधिकारियों के हवाले से यह खबर प्रकाशित की है कि राष्ट्रपति बराक ओबामा पाकिस्तान की ओर से तालिबान के खिलााफ कार्रवाई में ढील से नाखुश हैं।
ओबामा की नई रणनीति पाकिस्तान को तालिबान के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए दबाव बढ़ाने पर केंद्रित होगी।
अखबार लिखता है कि ओबामा के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जनरल जेम्स एल.जोन्स एवं ह्वाइट हाउस में आतंकवादी विरोधी प्रभाग के प्रमुख जॉन ओ. ब्रेनन ने पाक सैन्य एवं खुफिया अधिकारियों के साथ बातचीत के दौरान अमेरिका की इस मंशा का इजहार कर दिया।
रिपोर्ट में कहा गया है कि यूं तो पाकिस्तान को अमेरिका का यह संदेश चेतावनी भरा नहीं है, पर इसके पीछे तालिबान के मसले पर पाकिस्तान को अधिक आक्रामक एवं ईमानदार बनाने का लक्ष्य जरूर छिपा है।
वैसे, पाकिस्तान इसे अमेरिका की ओर से चेतावनी के तौर पर ही ले रहा है। अखबार लिखता है कि अमेरिका के संदेश का यह आशय भी है कि अगर पाक का रवैया नहीं बदलता तो अमेरिका एकतरफा कदम उठाने से भी नहीं हिचकेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications