बाबरी विध्वंस के लिए भाजपा जिम्मेदार : चिदंबरम (लीड-2)
बाबरी विध्वंस पर आई लिब्रहान आयोग की रिपोर्ट पर लोकसभा में हुई गर्मागर्म बहस का जवाब देते हुए चिदंबरम ने कहा कि विवादित ढांचे को बचाने के लिए भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने जो भी वादे किए थे, उन्होंने सभी वादे तोड़ दिए।
भाजपा नेतृत्व वाले विपक्ष द्वारा जारी नारेबाजी के बीच चिदंबरम ने यह भी स्वीकार किया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री दिवंगत पी.वी.नरसिम्हा राव ने भी इस मामले में एक गलती की थी। लेकिन उन्होंने कहा कि यह गलती एक राजनीतिक निर्णय की थी, वह यह कि तत्कालीन प्रधानमंत्री ने भाजपा नेताओं के झूठे वादे पर विश्वास कर लिया था।
चिदंबरम ने कहा, "कांग्रेस पार्टी ने अपने इस गलत राजनीतिक निर्णय की कीमत अदा की है।" चिदंबरम ने कहा कि कल्याण सिंह की सरकार ने केंद्र सरकार, सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रीय एकता परिषद के समक्ष झूठ बोला था।
चिदंबरम ने लिब्रहान रिपोर्ट के हवाले से कहा कि बाबरी विध्वंस की कार्रवाई पूर्व नियोजित थी, जिसे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने अंजाम दिया।
चिदंबरम ने कहा कि लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी जैसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता इस घटना की जिम्मेदारी से बच नहीं सकते।
चिदंबरम ने कहा कि विभिन्न राज्यों से आए कार सेवकों और उन्हें उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का एक मात्र उद्देश्य ढांचे को गिराना था।
इसके पहले कांग्रेसी सांसद बेनी प्रसाद वर्मा ने भी कहा कि नरसिम्हा राव बाबरी विध्वंस को रोकने को लेकर पर्याप्त रूप से सजग नहीं हो पाए थे।
लोकसभा में लिब्रहान आयोग की रिपोर्ट पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए वर्मा ने बाबरी विध्वंस के लिए संघ परिवार और भाजपा को तो जिम्मेदार ठहराया ही, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री राव ने भी एक गलती की थी।
वर्मा ने कहा, "यदि कोई व्यक्ति किसी के घर में डकैती डालने जाता है, तो वह तो दोषी है ही। लेकिन यदि घर का मालिक सो रहा है, तो इसमें दोष उसका भी बनता है।"
वर्मा ने भाजपा सदस्यों की ओर इशारा करते हुए कहा, "आप लोगों ने डकैती डाली है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications