हेडली से पूछताछ में मिली महत्वपूर्ण जानकारियां : राव
प्रधानमंत्री के विशेष विमान से, 8 दिसम्बर (आईएएनएस)। विदेश सचिव निरूपमा राव ने कहा है कि आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के संदिग्ध आतंकवादी डेविड कोलमैन हेडली से अमेरिका के संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) की पूछताछ में मुंबई पर 26/11 को हुए हमले के षडयंत्रकारियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।
रूस दौरे से लौट रहे प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के विशेष विमान में राव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि एफबीआई द्वारा मुंबई हमले में हेडली को आरोपित किए जाने के बाद भारत सरकार उससे पूछताछ की कोशिश करेगी।
उन्होंने कहा, "हम अवश्य आरोपी व्यक्ति से पूछताछ की कोशिश करेंगे। हम अमेरिका और एफबीआई के अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं।"
उन्होंने कहा कि हेडली से हुई पूछताछ में न केवल मुंबई हमले के शाजिसकर्ताओं के बारे में पता चला है बल्कि पाकिस्तान में बैठे आतंकवादी सरगनाओं की साजिशों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications