खोज निकाला गया पन्ना का लापता बाघ
बाघ विहीन हो जाने के कारण देश का 'दूसरा सरिस्का' बन चुके पन्ना राष्ट्रीय उद्यान को फिर आबाद करने के लिए दो बाघिन लाए जाने के बाद पेंच राष्ट्रीय उद्यान से इसी साल नवंबर में नर बाघ लाया गया था। उसकी स्थिति पर नजर रखने के लिए रेडियो कॉलर लगाया गया था। उसके बाद भी लगभग 10 दिन से उसका कहीं कोई पता नहीं चल रहा था।
अब उस बाघ को पन्ना राष्ट्रीय उद्यान की सीमा से लगे सागर जिले के वन परिक्षेत्र में खोज लिया गया है। मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) आर. एस. नेगी ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया है कि बाघ मिल गया है और उसे पन्ना राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में वापस लाने की कोशिश की जा रही है।
बाघ के पन्ना राष्ट्रीय उद्यान से बाहर जाने के सवाल पर वे कहते हैं कि बाघ नए क्षेत्र में आया है और वह पूरे इलाके को देख रहा है, इसलिए वह पन्ना राष्ट्रीय उद्यान से बाहर निकल गया है। उसे सहज प्रक्रिया के जरिए पन्ना राष्ट्रीय उद्यान में लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। वन विभाग का अमला उस क्षेत्र में डेरा डाले हुए है जहां बाघ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications