मुल्तान में आत्मघाती हमला, 12 मरे (लीड-2)
मुल्तान शहर के कासिम बेला इलाके में खुफिया एजेंसी इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) के स्थानीय मुख्यालय के समीप सैन्य चौकी को निशाना बनाकर एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से लदी मिनी ट्रक को उड़ा दिया, जिसे आईएसआई की इमारत को भारी नुकसान हुआ।
मुल्तान के पुलिस प्रमुख साउद अजीज ने कहा कि यह आत्मघाती हमला था। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार हमले में चार सैनिक भी मारे गए। हमले में 30 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को मुल्तान के अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है।
विस्फोट की वजह से सैन्यकर्मियों के रिहायशी इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है। आशंका है कि मलवे में कई लोग दबे हो सकते हैं। एक प्रत्यक्षदर्शी ने पाकिस्तानी समाचार चैनल 'जियो न्यूज' को बताया कि उसने पहले कम शक्तिशाली विस्फोट की आवाज सुनी, जिसके बाद एक शक्तिशाली विस्फोट हुआ।
बचाव सेवा '1122' के अधिकारी कलीम उल्लाह ने कहा कि विस्फोट स्थल से 12 शव बरामद किए गए। उन्होंने कहा कि 32 घायलों को समीप के अस्पतालों में भर्ती करवाया गया।
उल्लेखनीय है कि जहां आत्मघाती हमला हुआ वह छावनी इलाका है और प्रधानमंत्री युसूफ रजा गिलानी का संसदीय क्षेत्र भी है।
प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि विस्फोट से आईएसआई की इमारत को क्षति पहुंची। एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि विस्फोट से पहले गोलीबारी भी हुई थी। विस्फोट के तुरंत बाद सेना के हेलीकॉप्टर इलाके में गश्त लगाने लगे।
गौरतलब है कि अक्टूबर के शुरुआत से पाकिस्तान के विभिन्न शहरों में लगातार आतंकवादी हमले हो रहे हैं, जिसमें अब तक 250 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। पेशावर में 28 अक्टूबर को हुए विस्फोट में 117 लोग मारे गए थे और 200 से अधिक घायल हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications