पाकिस्तान में दो विस्फोट, 12 मरे (लीड-1)
ये विस्फोट मुल्तान शहर के कासिम बेला इलाके में हुए। यह छावनी इलाका है और प्रधानमंत्री युसूफ रजा गिलानी का संसदीय क्षेत्र भी है।
मुल्तान के पुलिस महानिरीक्षक आरिफ इकराम ने कहा कि दोनों विस्फोट मंगलवार को 12.10 बजे हुए। विस्फोटों में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए।
घायलों को स्थानीय निश्तार और सिविल अस्पतालों में भर्ती करवाया गया। एक प्रत्यक्षदर्शी ने पाकिस्तानी समाचार चैनल 'जियो न्यूज' को बताया कि उसने पहले कम शक्तिशाली विस्फोट की आवाज सुनी, जिसके बाद एक शक्तिशाली विस्फोट हुआ।
प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि विस्फोट से खुफिया एजेंसी इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) की इमारत को क्षति पहुंची। एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि विस्फोट से पहले गोलीबारी भी हुई थी। विस्फोट के तुरंत बाद सेना के हेलीकॉप्टर इलाके में गश्त लगाने लगे।
उल्लेखनीय है कि अक्टूबर के शुरुआत से पाकिस्तान के विभिन्न शहरों में लगातार आतंकवादी हमले हो रहे हैं, जिसमें अब तक 250 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। पेशावर में 28 अक्टूबर को हुए विस्फोट में 117 लोग मारे गए थे और 200 से अधिक घायल हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications