तंबाकू सिगरेट का सुरक्षित विकल्प नहीं है चीनी हर्बल सिगरेट
अध्ययन दल चीन के एक नगर में 135 हर्बल व 143 नियमित सिगरेट का सेवन करने वाले लोगों पर शोध के बाद इस निष्कर्ष पर पहुंचा। दल ने अध्ययन में शामिल लोगों के पेशाब के नमूने और प्रश्नावली को आधार बनाया। आश्चर्य की बात है कि हर्बल व तंबाकू सिगरेट का सेवन करने वाले लोगों में निकोटिन व कारसिओजेनस की मात्रा में कोई अंतर नहीं मिला।
अध्ययन के दौरान 47 फीसदी लोगों ने हर्बल सिगरेट अपनाने का कारण उसका बेहतर स्वाद बताया और मात्र 24 फीसदी लोगों ने बताया कि उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य के विकल्प के रूप में इसे अपनाया है। दल में शामिल लोगों ने बताया कि हर्बल को अपनाने के बाद प्रति दिन उनके सेवन की मात्रा भी बढ़ गई है।
अध्ययन दल का नेतृत्व कर रहे कैलीफोर्निया विश्वविद्यालय के दवा विभाग के प्रोफेसर स्टेंटोन ए.ग्लैंटज ने कहा कि यह अध्ययन लोगों के इस भ्रम को तोड़ेगा कि हर्बल सिगरेट, तंबाकू से बचाव का बेहतर विकल्प है।
उन्होंने हर्बल सिगरेट के उत्पादन में लगे उद्योगों को सलाह दी कि वे लोगों को भ्रमित करने से बचें। उल्लेखनीय है कि चीनी हर्बल सिगरेट देश के अलावा विदेशों में काफी लोकप्रिय है। अध्ययन दल के मुताबिक यह मानना अनुचित होगा कि हर्बल सिगरेट में निकोटिन की मात्रा कम होती है और इसमें कैंसर को रोकने वाले तत्व मौजूद रहते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications