रावलपिंडी में आतंकी हमला, 10 मरे, 40 से ज्यादा घायल (लीड-2)
ऑन लाइन समाचार एजेंसी के अनुसार इस हमले में 10 लोग मारे गए और 40 से ज्यादा घायल हो गए।
कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आतंकवादियों ने परेड लाइन में बनी मस्जिद पर हथगोले फेंके जबकि कुछ अन्य प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दो आत्मघाती हमलावर मस्जिद में मौजूद थे और शुक्रवार की नमाज होते ही उन्होंने धमाका कर दिया।
विस्फोटों के बाद मस्जिद में गोलीबारी शुरू हो गई जहां सैकड़ों लोग इबादत के लिए एकत्र थे जिनमें अनेक सैन्य कर्मी थे। सेना के एक ब्रिगेडियर के चालक इश्तिहाक ने बताया कि नमाज होते ही एक-एक करके दो धमाके हुए। समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार, इश्तिहाक ने बताया, "ब्रिगेडियर और उनका पुत्र मस्जिद में दाखिल हो गए थे जबकि सुरक्षाकर्मी उनकी तलाशी ले रहे थे तभी मैंने पहले धमाके की आवाज सुनी और उसके फौरन बाद दूसरा धमाका हुआ।"
सेना और पुलिस ने घटनास्थल की नाकेबंदी कर दी। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि कम से कम छह से सात बंदूकधारी परेड लाइन स्थित मस्जिद में दाखिल हुए। उन्होंने वहां हथगोले फेंके और फिर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की।
सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल अतहर अब्बास ने बताया कि 10 लोग मारे गए और 40 से ज्यादा घायल हो गए। हमले का निशाना बनी मस्जिद पाकिस्तानी सेना के जनरल के मुख्यालय के करीब है, जहां गत 10 अक्टूबर को 10 आतंकवादियों ने हमला किया था।
पाकिस्तान में आतंकवादी हमलों का ताजा दौर गत पांच अक्टूबर से जारी है। इनमें अब तक 250 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications