झारखण्डः दूसरे चरण में 54.3 फीसदी मतदान

शुक्ला ने कहा, "हिंसा की एक घटना को छोड़ दिया जाए जिसमें कि एक पुलिस कर्मी की मौत हो गई, तो कुल मिलाकर मतदान शांतिपूर्वक रहा।" राज्य विधानसभा के लिए पांच चरणों में हो रहा चुनाव 18 दिसंबर को समाप्त होगा। वोटों की गिनती 23 दिसंबर को होगी।
मतदान के दौरान नक्सलियों ने गिरीडीह जिले में विस्फोट किया जिसमें केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (आईएसएफ) के एक जवान की मौत हो गई।
मशीन में खराबी
दूसरे चरण का मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ लेकिन कुछ मतदान केंद्रों पर इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों (इवीएम) में खराबी की वजह से मतदान देरी से शुरू हुआ। इन चौदह विधानसभा सीटों में से 12 सीटें नक्सल प्रभावित इलाकों में पड़ती हैं।
राज्य पुलिस के प्रवक्ता वी. एच. देशमुख ने बताया, "नक्सलियों ने मतदान कर्मचारियों के एक दल को निशाना बनाकर सुबह करीब पांच बजे उस समय विस्फोट किया जब वे मतदान केंद्र पर जा रहे थे। विस्फोट में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक जवान की मौत हो गई।"
विस्फोट गिरीडीह जिले के पीरतंड थाने के अंतर्गत तेलियाबहियार गांव के निकट हुआ। इससे पहले राज्य में सुरक्षा कारणों से मतदान सुबह सात बजे आरंभ हुआ। मतदान दोपहर बाद तीन बजे समाप्त हुआ। देशमुख ने कहा कि मतदाताओं और मतदान अधिकारियों को पूरी सुरक्षा मुहैया कराई गई थी। सड़कों पर सुरक्षा के पर्याप्त बंदोबस्त किए गए थे। परिणामस्वरूप मतदाताओं ने अच्छी संख्या में मतदान किया।
सुरक्षा को पुख्ता रखने के लिए लगभग 35,000 सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। वायु सेना के चार हेलीकॉप्टरों को भी तैनात किया गया था। जहां रामगढ़ विधानसभा सीट के लिए सर्वाधिक 62 प्रतिशत मतदान हुआ, वहीं तमाड़ सीट के लिए सबसे कम 42 प्रतिशत मतदान हुआ।
दूसरे चरण के मतदान के दौरान राज्य के छह पूर्व मंत्रियों की किस्मत का फैसला होना है। इनमें आल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (एजेएसयू) के अध्यक्ष व राज्य के पूर्व गृह मंत्री सुदेश महतो भी शामिल हैं। इसके अलावा दूसरे महत्वपूर्ण उम्मीदवार मासी चरण मुंडा (34) हैं। मुंडा नक्सली हैं और फिलहाल जेल में हैं। उन्होंने खूंटी सीट से झारखंड मुक्ति मोर्चा के टिकट पर चुनाव लड़ा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications