जल्द पटरी पर आ जाएगी भाजपा: संघ

आरएसएस की राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य व पूर्व प्रवक्ता राम माधव ने बातचीत में कहा, "राजगीर में संघ के कार्यकारी मंडल की बैठक में संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उम्मीद जताई कि भाजपा में जल्द ही सब कुछ सामान्य हो जाएगा।"
माधव ने इस बात का खंडन किया कि भागवत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे राष्ट्रहित में किसी भी राजनीतिक दल को उसकी योजनाओं और कार्यक्रमों के आधार पर समर्थन दे सकते हैं। उन्होंने कहा, "संघ प्रमुख की तरफ से ऐसी कोई भी बात नहीं कही गई।"
'संघ कार्यकर्ताओं की मजबूरी'
इससे पहले संघ के एक सूत्र ने फोन पर बातचीत में कहा था, "भागवत ने बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा था कि भाजपा को समर्थन देना संघ कार्यकर्ताओं की मजबूरी नहीं है।"
इस बीच भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने स्पष्ट किया, "संघ प्रमुख को उद्धृत करते हुए जो खबरें आई हैं, वे पूरी तरह तथ्यहीन और भ्रामक हैं। शनिवार को मैं खुद उस बैठक में मौजूद था, जिसमें भागवत ने कहा था कि भाजपा जिन थोड़ी बहुत समस्याओं से गुजर रही है, उन्हें जल्द ही सुलझा लिया जाएगा। भारतीय राजनीति में भाजपा नई ऊर्जा के साथ फिर एक मजबूत ताकत के रूप में उभरेगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications