यूपी: टीचर ने छात्रों से शौचालय साफ करवाया
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के एक सरकारी विद्यालय में शिक्षकों द्वारा कथित रूप से छात्रों से शौचालय साफ कराने का मामला प्रकाश में आने के बाद खिलाफ शिक्षा विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं।
जिले के कांदला इलाके के बहरामगढ़ प्राथमिक विद्यालय के अध्यापकों ने गुरुवार को कथित रूप से कक्षा पांच के छात्रों के नियमित रूप से कक्षा में उपस्थित नहीं होने पर दंड स्वरूप उनसे शौचालय साफ करवाया। विद्यालय के 12 छात्रों ने शुक्रवार को प्रधानाचार्य और दो अध्यापकों के खिलाफ लिखित शिकायत की।
शिक्षक ने दी धमकी
छात्रों का आरोप है कि शिक्षकों ने उन्हें धमकी दी थी कि यदि वे इसकी शिकायत करेंगे तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
जिले के बेसिक शिक्षा अधिकारी रवि दत्त ने शुक्रवार को बताया, "यह मामला गंभीर है। घटना के लिए मुख्य तौर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य और दो अध्यापकों के जिम्मेदार होने की जानकारी मिली है। हमने जांच के आदेश दे दिए हैं। इस तरह का कृत्य बर्दाश्त नहीं जाएगा। दोषी अध्यापकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।













Click it and Unblock the Notifications