आम्रपाली एक्सप्रेस हादसे की जांच के आदेश

पूर्व-मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी दिलीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि 5708 आम्रपाली एक्सप्रेस दुर्घटना की जांच पूर्वी प्रक्षेत्र कोलकता के मुख्य सुरक्षा आयुक्त आऱ पी़ यादव करेंगे। इधर, आम्रपाली एक्सप्रेस हादसे के मामले में पूर्व-मध्य रेलवे के हाजीपुर महाप्रबंधक सहित 12 कर्मियों के खिलाफ हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए खगड़िया जीआरपी थाना में एक मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही रही
खगड़िया जीआरपी थाना के प्रभारी महेन्द्र राम ने बताया कि एक्सप्रेस की एस्कॉर्ट पार्टी में शामिल सहायक पुलिस निरीक्षक (एएसआई) विनोद दास द्वारा दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि महाप्रबंधक सहित अन्य 12 अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही के कारण ही पटरी धंस गई जिससे रेलगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उन्होंने बताया कि प्राथमिकी के आधार पर मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि बुधवार देर रात पूर्व-मध्य रेलवे के सोनपुर रेल मंडल के कटिहार-बरौनी रेलखंड के पसराहा रेलवे स्टेशन के समीप आम्रपाली एक्सप्रेस की सात बोगियां पटरी से उतर गई थीं। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और 21 घायल हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications