कर्नाटक, आंध्र में भारी बारिश, 36 मरे

बंगाल की खाड़ी में कम दवाब का क्षेत्र बनने की वजह से दोनों राज्य में भारी बारिश हो रही है। अधिकारियों ने गुरुवार को इस संबंध में जानकारी दी। बारिश से सबसे अधिक प्रभावित बीजापुर जिले में 17 लोगों की मौत हो गई। अधिकांश लोगों की मौत नदी में डूबने से या फिर मकान के क्षतिग्रस्त हो जाने से हुई।
मुख्यमंत्री के एक प्रवक्ता ने को बताया कि बारिश की वजह से कम से कम 30 लोगों की मरने की आशंका है। उन्होंने कहा, "हम प्रभावित इलाकों से सूचनाओं की प्रतीक्षा कर रहे हैं।"
बेंगलुरू में भी बारिश
प्रवक्ता ने कहा प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य जारी है। राज्य में बुधवार देर रात से ही बारिश जारी है। बेंगलुरू में भी बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में शुक्रवार तक बारिश हो सकती है।
आंध्र प्रदेश के महबूबनगर और कुरनूल जिले के कई गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। महबूबनगर के अलवानपल्ली में नदी में डूबने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि इसी जिले के अन्य इलाकों में तीन और लोगों की मौत हो गई। करीमनगर जिले में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। भारतीय वायुसेना के एक हेलीकॉप्टर ने बुधवार को महबूबनगर जिले में फंसे पांच छात्रों को बाहर निकाला।
महबूबनगर के तीन गांवों का जिले के अन्य हिस्सों से संपर्क टूट गया है। कुरनूल जिले में 12,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। मुख्यमंत्री के रोसैया ने गुरुवार सुबह स्थिति पर चर्चा करने के लिए उच्च स्तरीय बैठक की थी। उन्होंने प्रभावित इलाकों में सहायता और बचाव कार्य को लिए संबंधित अधिकरियों को निर्देश दिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications