श्रद्धालुओं का पहला जत्था बालताल से अमरनाथ रवाना
10,000 से ज्यादा श्रद्धालु सोमवार को उत्तरी कश्मीर के गांदेरबल जिले में बालताल आधार शिविर पहुंचे थे। श्रद्धालुओं ने 14 किलोमीटर लंबी चढ़ाई मंगलवार सुबह शुरु कर दी। सोमवार को यात्रा मार्ग और घाटी के अन्य हिस्सों में मूसलाधार बारिश हुई।
स्थानीय मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "दिन में कई स्थानों पर बारिश के आसार हैं और इसकी वजह से तापमान में गिरावट भी आएगी। घाटी में अधिकतम और न्यूनतम तापमान के 15 और 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है और यात्रा मार्ग पर तापमान इससे काफी कम रहने की संभावना हैं।"
पवित्र गुफा के भीतर श्रद्धालु पहली बार मंगलवार को पूजा अर्चना करेंगे। गुफा में बर्फ से प्राकृतिक रूप से बनने वाला शिवलिंग हर वर्ष हजारों श्रद्धालुओं को यहां खींच लाता है।
देश के कोने-कोने विशेषकर उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा से आए श्रद्धालुओं ने 'बम बम भोले' और 'हर हर महादेव' के जयघोष के साथ सोमवार को अपनी यात्रा शुरु की थी।
पहली बार ऐसा हुआ है जब यात्रा की इजाजत सिर्फ उत्तरी कश्मीर के मार्ग से दी गई है। दक्षिणी कश्मीर स्थित परंपरागत यात्रा मार्ग पर बेतहाशा बर्फ जमा है, जिसे हटाने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications