हबीब तनवीर को नम आंखों से दी अंतिम विदाई (लीड-1)
हबीब तनवीर के अंसल अपार्टमेंट स्थित आवास पर सुबह से ही श्रद्घांजलि देने वालों का तांता लगा हुआ था। दिल्ली और मुंबई से बड़ी संख्या में रंगकर्मी उनके अंतिम दर्शन करने पहुंचे और उन्हें श्रद्घा सुमन अर्पित किए। छत्तीसगढ़ के विधानसभा अध्यक्ष धर्मजीत कौशिक ने भी हबीब तनवीर के आवास पर पहुंचकर पुष्प अर्पित किए। तनवीर को श्रद्घासुमन अर्पित करने वाले हर उस व्यक्ति की आंख में आंसू छलक रहे थे, जो उन्हें करीब से जानते थे।
अंसल अपार्टमेंट से शुरू हुई उनकी अंतिम यात्रा के दौरान उनके शव को जनाजे में तिरंगे में लपेट कर रखा गया। विशेष गारद दल ने सलामी दी और उनका जनाजा चल पड़ा अंतिम मुकाम की ओर। उनके जनाजे को इकबाल मैदान में रोककर श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश पचौरी भी मौजूद थे। हबीब तनवीर को बड़ा बाग स्थित कब्रिस्तान में सलामी दी गई और उन्हें राजकीय सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
रंगकर्मी अरूण पांडे का कहना है कि हबीब तनवीर ने रंगमंच को एक नया रूप दिया है, जिसे बनाए रखने की जिम्मेदारी अगली पीढ़ी पर है। उन्होंने गांव और पिछड़े इलाकों में रहने वाले कलाकारों को वह मंच दिया जो आसानी से हासिल नहीं होता।
मालूम हो कि हबीब तनवीर की तबीयत बिगड़ने पर 11 मई को नेशनल हास्पिटल में भर्ती किया गया था। उन्होंने सोमवार को अंतिम सांस ली थी। प्रदेश सरकार ने उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान से कराने का निर्णय लिया और उसी के अनुसार उन्हें अंतिम विदाई दी गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications