भाजपा को फिर याद आए 'राम' (लीड-1)

भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने यहां चल रही पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक को संबोधित करते हुए शनिवार को कहा, "जहां तक रामजन्म भूमि का सवाल है कोई मां का लाल राम में हमारी आस्था और निष्ठा को डिगा नहीं सकता। हम अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए सही मौके का इंतजार कर रहे हैं।"

संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार पर हमला करते हुए राजनाथ ने कहा, "पांच साल में श्रीराम जन्मभूमि समस्या के समाधान के लिए 5 मिनट का समय भी इस सरकार ने नहीं निकाला। भाजपा यदि पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आई तो कानून पारित कर मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करेगी। अन्यथा राजग शासन में सहयोगी दलों को विश्वास में लेकर मंदिर निर्माण का रास्ता निकालेंगे। कोई भी ताकत राम मंदिर निर्माण से हमें नहीं रोक सकती।"

उन्होंने कहा, "राम मंदिर तो दूर राम सेतु के संदर्भ में दायर हलफनामे में सरकार ने मार्यादा पुरूषोत्तम राम के अस्तित्व को ही नकार कर ऐसा कारनामा किया जो इस देश में विदेशी शासकों ने भी करने की हिम्मत नहीं की।"

राजनाथ ने कहा, "हमारे सांस्कृतिक मान बिन्दुओं का जैसा अपमान इस सरकार के कार्यकाल में हुआ है वैसा संभवत: भारत के इतिहास में कभी नहीं हुआ।"

इससे पहले उन्होंने कांग्रेस पर गांधी के सिद्धांतों का दोहन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "गांधी के उन मूल्यों और विचारों का कोई भी लक्षण आज की कांग्रेस में नजर नहीं आता है। मैं कांग्रेस के मित्रों से पूछना चाहता हूं कि उन्होंने 50 वर्षो तक देश को जिन नीतियों पर चलाया उसमें गांधीवाद कितना था। कांग्रेस की नीतियों में ब्रिटिश राज का तत्व अधिक था गांधी के हिन्द स्वराज्य का तत्व गायब था।"

उन्होंने कहा, "आज कांग्रेस के आचरण में गांधी के चिंतन का क्या है? आज की कांग्रेस के चिन्तन में न हिन्द स्वराज्य है, न ग्राम स्वराज्य है, न गांव का स्थान है, न किसान का सम्मान है, न स्वदेशी कुटीर उद्योग है, न त्याग और वैराग्य का जीवन जीने वाला उनसे जुड़ा कोई वर्ग है। न स्वदेशी शैली है, न स्वदेशी भाषा है। और इतना ही नहीं गांधी के कर्मवाद की प्रतीक गीता साम्प्रदायिक है, गांधी के राम राज्य में राम भी साम्प्रदायिक हैं।"

उन्होंने कहा, "गांधी का भजन चाहे 'रघुपति राघव राजा राम' हो अथवा 'वैष्णव जन ते तेने कहिए' हो यह सब तो घोर साम्प्रदायिक है। गांधी के विचारों पर आधारित यह सब यदि आपको आज भी कहीं देखने को मिलेगा तो भाजपा की सोच और हमारे परिवार के कई संगठनों की सादगीपूर्ण जीवनशैली में।"

राजनाथ ने कहा, "मैं पूछना चाहता हूं कि कांग्रेस के पास गांधी का क्या है। आज तो गांधी की खादी भी शायद ही कोई बड़ा नेता पहनता हो। आज कांग्रेस में सिर्फ एक परिवार से जुड़ा गांधी का नाम है। गांधी से जुड़े सारे काम आज भी यदि कहीं दिखेंगे तो कांग्रेस के उस परिवार में नहीं बल्कि हमारे परिवार में। वहां सिर्फ नाम है यहां वास्तविक काम है।"

उन्होंने कहा, "गांधी ने अपने दर्शन में यह स्पष्ट कहा है कि भारत के भविष्य के लिए कर्मवाद का सिद्धांत परम आवश्यक है। यही भारत के युवाओं को सही दिशा में ले जा सकता है। गांधी का कर्मवाद पूर्णरूप से गीता के निष्काम कर्म के सिद्घांत पर आधारित है।

राजनाथ सिंह ने कहा, "पूर्ण स्वराज्य के उद्घोषक और वास्तविक अथरें में भारत के स्वतंत्रता संग्राम की राजनैतिक यात्रा के जनक लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक ने भी अपनी पुस्तक 'गीता रहस्य' में गीता के सिद्धांतों को 'कर्मयोग शास्त्र' की संज्ञा दी है। महात्मा गांधी राजनीति में भी तिलक की विरासत को लेकर आगे बढ़े थे। कांग्रेस अपने आचरण में गीता पर आधारित तिलक के कर्मयोग शास्त्र और गांधी के कर्मवाद को लागू करना तो दूर शायद आज गीता का नाम लेने में भी घबरा जाए कि कहीं कोई उन्हें सांप्रदायिक न कह दे।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+