'श्रीलंका ने विद्रोहियों की नौका नष्ट की'

नौसेना का कहना है कि संघर्ष के दौरान हुए धमाके में उनके भी एक नौसैनिक पोत को नुक़सान पहुँचा है.
नौसेना के प्रवक्ता कैप्टन डीकेपी दसानायके का कहना था कि नौसेना के गश्ती पोतों ने सोमवार को मुल्लईतिवु में विद्रोहियों की नावों पर हमला किया.
उनका दावा था कि नौसेना ने विद्रोहियों की नावों को डुबा दिया और इस दौरान विद्रोहियों की नावों में जमा विस्फोटकों में धमाका हुआ जिससे नौसेना को भी नुक़सान पहुँचा.
इस घटना में किसी के हताहत होने की ख़बर नहीं है.
दूसरी ओर तमिल विद्रोहियों की समर्थक वेबसाइट का कहना है कि उन्होंने श्रीलंका सेना पर हल्ला बोला और नौसेना के एक लड़ाकू विमान को नष्ट कर दिया.
सेना का अभियान
ग़ौरतलब है कि उत्तरी श्रीलंका में सेना ने तमिल विद्रोहियों के ख़िलाफ़ अभियान चला रखा है और तमिल विद्रोहियों के कई इलाक़ों को अपने कब्ज़े में ले लिया है.
नौसेना ने विद्रोहियों की नावों को डुबा दिया और इस दौरान विद्रोहियों की नावों में जमा विस्फोटकों में धमाका हुआ जिससे नौसेना को भी नुक़सान पहुँचा डीकेपी दसानायके, नौसेना प्रवक्ता
| |
वर्ष 2000 के बाद श्रीलंका सरकार का पहली बार पूरे जाफ़ना प्रायद्वीप पर नियंत्रण कायम हो गया है जो तमिल विद्रोहियों के लिए बड़ा धक्का माना जा रहा है.
दशकों से अलग तमिल देश के लिए लड़ रही एलटीटीई ने देश के उत्तर और पूर्व में नियंत्रण कर रखा था जहाँ उसके निर्देश का पालन होता था.
लेकिन ताज़ा लड़ाई के बाद विद्रोहियों का कब्ज़ा अधिकतर जगहों से हट गया है.
श्रीलंका की सरकार ने घोषणा की है कि जब तक तमिल विद्रोही आत्मसमर्पण नहीं करते तब तक संघर्ष जारी रहेगा.
उल्लेखनीय है कि लगभग ढाई दशक से चल रहे इस विद्रोह में दोनों पक्षों के कम से कम 70 हज़ार लोग मारे गए हैं.












Click it and Unblock the Notifications