भारत ने श्रीलंका से राजनीतिक समाधान की ओर बढ़ने को कहा
कोलंबो, 18 जनवरी (आईएएनएस)। श्रीलंका के उत्तरी हिस्से में लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तलिम ईलम (लिट्टे) पर श्रीलंकाई सेना को मिल रही सफलता के बीच भारत ने तमिलों की समस्या के राजनीतिक समाधान की दिशा में शीघ्र आगे बढ़ने का आह्वान किया है।
दो दिवसीय कोलंबो दौरे पर आए भारतीय विदेश सचिव शिवशंकर मेनन ने रविवार सुबह नई दिल्ली लौटने से पहले राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे, विदेश मंत्री रोहिथा बोगोल्लागामा, रक्षा सचिव गोटाभाया राजपक्षे और राष्ट्रपति के वरिष्ठ सलाहकार बसिल रजपक्षे के साथ हुई मुलाकत में भारत की इस भावना को जाहिर किया।
कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग ने एक बयान जारी कर कहा कि राष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान मेनन ने द्विपक्षीय संबंधों, श्रीलंका के हालात और क्षेत्र में विकास पर चर्चा की।
श्रीलंकाई राष्ट्रपति ने बातचीत में भारतीय विदेश को संकेत दिया कि वे शीघ्र ही देश की समस्या के समाधान के लिए सैन्य कार्रवाई में मिली सफलता से आगे राजनीतिक समाधान की ओर बढ़ेंगे। मेनन ने एकीकृत श्रीलंका की परिधि में समस्या के समाधान के भारत के नजरिये को दोहराया।
बयान में कहा गया है कि भारत ने सेना और लिट्टे के बीच चल रहे संघर्ष में आम तमिल नागरिकों की सुरक्षा पर जोर दिया। इसके साथ ही विदेश सचिव ने श्रीलंका में और राहत सामाग्री भेजने का ऐलान किया।
अपने श्रीलंका प्रवास के दौरान मेनन ने मुख्य विपक्षी दल यूनाइटेड नेशनल पार्टी (यूएनपी) के नेता रनिल विक्रमसिंघे और कई प्रमुख मुस्लिम व तमिल पार्टियों के नेताओं से भी मुलाकात की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications