रोहाणी मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष चुने गए
रोहाणी ने मंगलवार को इस पद के लिए नामांकन भरा था, ऐसा करने वाले वे इकलौते उम्मीदवार थे। सत्ता और प्रतिपक्ष दोनों ओर से उनके नाम का प्रस्ताव रखा गया और समर्थन भी किया गया था।
रोहाणी के अध्यक्ष चुने जाने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उम्मीद जताई कि विपक्ष सिर्फ विरोध के लिए विरोध नहीं करेगा बल्कि जनहित और विकास के कार्यो में रचनात्मक सहयोग भी करेगा। मुख्यमंत्री ने रोहाणी की वाकपटुता और हाजिर जवाबी की भी खुलकर सराहना की।
नेता प्रतिपक्ष जमुना देवी ने रोहाणी के अध्यक्ष चुने जाने पर कहा कि वे उम्मीद करती हैं कि सदन में सत्तापक्ष के साथ विपक्ष की भी बात सुनी जाएगी। उन्होंने रोहाणी से आग्रह किया कि वे जरूरत पड़ने पर सत्ता पक्ष को भी फटकार लगाने से न चूकें और जनता की तकलीफों पर पूरा महत्व दें।
अध्यक्ष चुने जाने के बाद रोहाणी ने सदस्यों को भरोसा दिलाया कि वे उनके विश्वास की कसौटी पर खरे उतरेंगे और सभी के साथ समानता का व्यवहार करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications