पाकिस्तान में रची गई थी मुंबई आतंकवादी हमलों की साजिश : अमेरिका
वाशिंगटन, 7 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिका ने एक बार फिर कहा है कि मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों की साजिश पाकिस्तान में रची गई थी लेकिन वह चाहता है कि भविष्य में ऐसे हमले रोकने के लिए भारत और पाकिस्तान मिलकर हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई करें।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सीन मैक्कार्मेक ने मंगलवार को कहा, "हम इस बारे में कह चुके हैं कि मुंबई हमलों की साजिश पाकिस्तान में ही रची गई थी। विदेश मंत्री कोंडोलीजा राइस ने स्वयं भी दक्षिण एशिया की यात्रा के दौरान ये ऐसा कहा था।"
प्रवक्ता ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच सूचनाओं का जो आदान-प्रदान हुआ है वह उत्साहवर्धक है।
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "बिल्कुल तनाव को कम करने की जरूरत है और अभी तक तो लगता है कि दोनों पक्ष तनाव कम करना चाहते हैं।"
प्रवक्ता ने सहायक विदेश मंत्री रिचर्ड बाउचर के दक्षिण एशिया यात्रा के हवाले से कहा कि वे बार-बार कहते रहे हैं कि दोनों पक्षों को मिलकर काम करना होगा।
प्रवक्ता ने कहा कि मिलकर काम करना दोनों देशों के हित में है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों को सूचनाओं का आदान-प्रादन करना होगा, ऐसा करने पर ही हमले रूकेंगे और मुंबई हमलों के लिए जिम्मेदार लोगों के साथ न्याय हो सकेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications