नौसैनिक अकादमी का उद्घाटन, पर संस्थापक की अनदेखी
इझिमाला(केरल), 7 जनवरी(आईएएनएस)। केरल के इस खूबसूरत समुद्र तट पर नई अत्याधुनिक नौसैनिक अकादमी की स्थापना की पहल करने वाले पूर्व नौसेना प्रमुख एडमिरल ओ़ एस. डावसन को इसके उद्घाटन कार्यक्रम के बारे में अवगत कराया जाना भी जरूरी नहीं समझा गया। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह गुरुवार को इसका उद्घाटन करेंगे।
85 वर्षीय डावसन को सरकार के रवैये से निराशा हाथ लगी है, पर उन्हें खुशी है कि उनका सपना अंतत: साकार हो गया। 30 वर्ष पहले डावसन ने इझिमाला नौसैनिक अकादमी की स्थापना की पहल की थी। उन्होंने बंगलुरू स्थित अपने घर से फोन पर आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "इसकी स्थापना की पहल मैंने तब की थी जब मैं 80 के दशक में दक्षिणी नौसैनिक कमान मुख्यालय में फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ हुआ करता था।"
उन्होंने कहा, "मैंने इस अकादमी की स्थापना की पहल की। सबसे पहले मैंने तत्कालीन मुख्यमंत्री को पत्र लिखा। उन्होंने तुरंत सहमति जता दी। इससे पहले मैंने इस इलाके का हवाई सर्वेक्षण किया था। मेरी उस पहल का राज्य सरकार ने भरपूर समर्थन किया।" उल्लेखनीय है कि जब डावसन 1982 में नौसेना प्रमुख बने तो उनके इस प्रयास में और तेजी आ गई।
गौरतलब है कि यह अकादमी 2,500 एकड़ भूखंड में फैली है। 7.21 अरब रुपये की लागत से विकसित यह अकादमी अगले साल से बी़ टेक कोर्स संचालित करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications