उत्तरप्रदेश में शीतलहर का कहर जारी, 20 मरे
राहत आयुक्त कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार शीतलहर का असर सबसे ज्यादा पूर्वी उत्तरप्रदेश में देखा जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अलग-अलग स्थानों से 20 लोगों की मौत की खबर है, अकेले गोरखपुर में 5 लोगों की ठंड के चलते जान गई।
बुधवार को मुजफ्फर नगर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लखनऊ का तापमान 7.8, झ्झांसी का 8.7, गोरखपुर का 6.7 और कानपुर 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
लखनऊ स्थित मौसम विभाग के निदेशक जे.पी.गुप्ता ने आईएएनएस को बताया कि अगले 24 घंटो के दौरान पूर्वी उत्तरप्रदेश के इक्का-दुक्का इलाकों में गरज के साथ छीटें पड़ने की संभावना है, जिसके बाद शीतलहर का प्रकोप बढ़ सकता है। प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा।
प्रदेश में धूप खिले रहने के बावजूद अभी भी रेल यातायात प्रभावित है। लंबी दूरी वाली ट्रेने अपने निर्धारित समय से चार से आठ घंटे देरी से चल रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।