छत्तीसगढ़ भाजपा ने पार्टी के दो सांसदों के खिलाफ कार्रवाई की
भाजपा ने दुर्ग से सांसद ताराचंद साहू को पार्टी से निकाल दिया, जबकि राज्यसभा सांसद शिव प्रताप सिंह को निलंबित कर दिया। दोनों नेताओं पर नवंबर महीने में राज्य विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी के खिलाफ काम करने का आरोप है।
साहू अन्य पिछड़ी जाति (ओबीसी) के एक प्रमुख नेता हैं, तो सिंह आदिवासी समुदाय से संबंध रखते हैं।
साहू पर पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी उम्मीदवार व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडे के खिलाफ प्रचार करने का आरोप है। पांडे भिलाई सीट से चुनाव हार गए थे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार सिंह ने सरगुजा जिले की भटगांव सीट से अपने बेटे को भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने के लिए प्रेरित किया था। हालांकि यह सीट भाजपा ने जीत ली थी।
दोनों नेताओं ने पार्टी के इस कदम पर फिलहाल चुप्पी साध ली है। लेकिन कुछ लोगों का कहना है कि आगामी लोकसभा चुनाव में वे पार्टी के लिए नुकसानदायक साबित हो सकते हैं। राज्य में लोकसभा की 11 सीटों में से 9 सीटें भाजपा के पास है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications