प्रभाकरन के प्रत्यर्पण की मांग से लिट्टे पर भारत का रुख साफ :श्रीलंका
कोलंबो, 7 जनवरी(आईएएनएस)। श्रीलंका ने कहा है कि भारत ने लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) प्रमुख वी़ प्रभाकरन के प्रत्यर्पण पर जोर देकर लिट्टे और उसके खिलाफ जारी सैन्य कार्रवाई को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है।
भारत ने मांग की है कि अगर प्रभाकरन जिंदा पकड़ा जाता है तो उसे उसके हवाले कर दिया जाए, क्योंकि वह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या के मामले में वांछित है। सरकारी अखबार 'डेली न्यूज' के मुताबिक सत्तारूढ़ श्रीलंका फ्रीडम पार्टी(एसएलएफपी) के महासचिव और कृषि विकास मंत्री मैथिरीपाला सिरीसेना ने कहा है कि भारत के इस बयान से लिट्टे के बारे में उसका रुख साफ हो जाता है।
मंत्री ने कहा कि मानवीय सहायता कार्यक्रम की समाप्ति के बाद देश के उत्तरी इलाकों में स्थानीय निकायों का चुनाव भी कराया जाएगा। देश के उत्तरी इलाकों को लिट्टे से मुक्त कराने के लिए सघन अभियान जारी है।
सेना ने लिट्टे के प्रमुख गढ़ किलीनोच्चि पर कब्जा जमाकर इस संगठन को करारा झटका दिया है। सेना ने स्पष्ट कर दिया है कि अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक विद्रोहियों को पूरी तरह कमजोर नहीं कर दिया जाता।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications