भारतीय प्रधानमंत्री के बयान से तनाव बढ़ सकता है: पाकिस्तानी विश्लेषक
इस्लामाबाद, 7 जनवरी(आईएएनएस)। पाकिस्तानी विश्लेषकों के मुताबिक प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह के इस आरोप से तनाव बढ़ सकता है कि पाकिस्तान आतंकवाद का इस्तेमाल अपनी सरकारी नीति के हथियार के तौर पर कर रहा है।
यहां सरकारी अधिकारी और विश्लेषक मनमोहन सिंह के बयान से हैरत में हैं, क्योंकि उनकी छवि नपा-तुला बयान देने वाले सौम्य नेता की रही है। विश्लेषकों का मानना है कि मनमोहन सिंह का बयान दोनों देशों के मौजूदा तनावपूर्ण रिश्ते को खतरनाक बिंदु पर पहुंचा सकता है।
सुरक्षा विश्लेषक ब्रिगेडियर(सेवानिवृत्त) मसूद अख्तर कहते हैं, "मौजूदा परिस्थितियों में ऐसा बयान तनाव बढ़ा सकता है। ऐसे वक्त जब दोनों देशों के सुरक्षा बल चौकस हैं, इस तरह के बयान से तनाव खतरनाक स्तर पर पहुंच सकता है। मैं समझता हूं कि भारत उन वांछित अपराधियों को हासिल करने के लिए बेसब्र है जिनकी सूची उसने पाकिस्तान को सौंपी है।"
उनका मानना है कि रिश्ता इस कदर खराब हो गया है कि किसी भी पक्ष की ओर से कोई मामूली दुस्साहसिक घटना सैन्य संघर्ष में तब्दील हो सकती है। वरिष्ठ पत्रकार तलत हुसैन का कहना है मनमोहन सिंह का यह बयान पाकिस्तान के खिलाफ 'युद्घ का अघोशित ऐलान' कहा जा सकता है। उनके मुताबिक इस बयान से प्रतिशोध की बू आती है। कश्मीर मामलों के मंत्री कमर जमान कैरा ने इस बयान को आक्रामक करार दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications