IAS इशिता किशोर को यूपी में खास पोस्टिंग, तीसरे प्रयास में टॉप किया UPSC, नेशनल फुटबॉलर भी रहीं
संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2022 की टॉपर इशिता किशोर को उत्तर प्रदेश सरकार में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। 24 जुलाई की रात को उत्तर प्रदेश कैडर में 19 आईएएस अफसरों के तबादले हुए हैं, उनमें इशिता किशोर का नाम भी शामिल है।
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने साल 2022 बैच की आईएएस इशिता किशोर को जौनपुर की सहायक कलेक्टर पद से बरेली में ज्वाइंट मैजिस्ट्रेट पद पर तैनात किया है। इशिता किशोर की सक्सेस स्टोरी उन लोगों के लिए प्रेरणादायी है, जो एक बार असफलता मिलने के बाद मेहनत करना छोड़ देते हैं।

फुटबॉल खिलाड़ी से यूपीएससी टॉपर
इशिता किशोर का राष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल खिलाड़ी से यूपीएससी टॉपर तक का सफर शानदार रहा है। साल 2012 में इशिता किशोर ने सुब्रतो कप में भाग लिया था। कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद यूपीएससी की तैयारी में जुट गईं और तीसरे प्रयास में अखिल भारतीय स्तर पर नंबर वन रैंक हासिल की।
नोएडा की रहने वाली हैं Ishita Kishore
साल 1996 में जन्मी इशिता किशोर नोएडा के जलवायु विहार की रहने वाली हैं। पिता एयरफोर्स में विंग कमांडर थे। उनकी पोस्टिंग के चलते इशिता ने स्कूल की पढ़ाई पटना के एयरफोर्स बाल भारती स्कूल से पूरी की और दिल्ली विश्वविद्यालय के श्रीराम लेडी कॉलेज ऑफ कॉमर्स से अर्थशास्त्र (ऑनर्स) की डिग्री ली।
एमएनसी में दो साल किया जॉब
होम कैडर यूपी में आईएएस बनने से पहले इशिता किशोर एक मल्टीनेशनल कंपनी (एमएनसी) में रिस्क एडवाइजर के रूप में करीब दो साल काम किया। जॉब के साथ-साथ सिविल सेवा परीक्षा की तैयारियों में जुट गईं। शुरुआती दो प्रयासों में प्री परीक्षा भी उत्तीर्ण नहीं हो सकी।
यूपीएससी में इशिता किशोर के अंक
यूपीएससी में तीसरे प्रयास में टॉपर बनीं इशिता किशोर ने कुल 1094 अंक हासिल किए थे। यूपीएससी की लिखित परीक्षा में 901 और इंटरव्यू में 193 अंक मिले। वैकल्पिक विषय के तौर पर राजनीति विज्ञान और अंतर्राष्ट्रीय संबंध लिया था। इशिता कायस्थ जाति से हैं। इनकी मां निजी स्कूल में टीचर व भाई वकील हैं।

किस IAS का कहां तबादला?
- इशिता किशोर ज्वाइंट मैजिस्ट्रेट बरेली
- स्मृति मिश्रा ज्वाइंट मैजिस्ट्रेट बिजनौर
- स्वाति शर्मा ज्वाइंट मैजिस्ट्रेट आगरा
- शिशिर कुमार सिंह ज्वाइंट मैजिस्ट्रेट अलीगढ़
- वैशाली ज्वाइंट मैजिस्ट्रेट कन्नौज
- गुंजिता अग्रवाल ज्वाइंट मैजिस्ट्रेट बाराबंकी
- नितिन सिंह ज्वाइंट मैजिस्ट्रेट वाराणसी
- अनुभव सिंह ज्वाइंट मैजिस्ट्रेट कानपुर नगर
- श्री साई आश्रित शाखमुरी ज्वाइंट मैजिस्ट्रेट बदायूं
- नारायणी भाटिया ज्वाइंट मैजिस्ट्रेट हरदोई
- महेंद्र सिंह ज्वाइंट मैजिस्ट्रेट मिर्जापुर
- चलुवराजु आर ज्वाइंट मैजिस्ट्रेट लखीमपुर खीरी
- काव्या सी. ज्वांइट मैजिस्ट्रेट इटावा
- दीपक सिंघनवाल ज्वाइंट मैजिस्ट्रेट गाजियाबाद
- साहिल कुमार ज्वाइंट मैजिस्ट्रेट लखनऊ
- रिंकू सिंह राही ज्वाइंट मैजिस्ट्रेट शाहजहांपुर
- भारती मीणा ज्वाइंट मैजिस्ट्रेट प्रयागराज
- प्रतीक्षा सिंह ज्वांइट मैजिस्ट्रेट अंबेडकर नगर
- धामिनी एम दास ज्वांइट मैजिस्ट्रेट सीतापुर












Click it and Unblock the Notifications