Kanwariya Accident: ट्रैक्टर की टक्कर से मौत, गुस्साए कांवड़ियों ने डीजे और ट्रॉली फूंकी, हाईवे पर किया हंगामा
Kanwariya Accident: बदायूं के मथुरा-बरेली हाईवे पर शुक्रवार दोपहर कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। हाईवे किनारे आराम कर रहे कांवड़ियों के एक समूह को पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी।
घटना बुटला मोड़ के पास हुई। बताया जा रहा है कि वहां पर श्रद्धालु कुछ देर के लिए रुके थे। इस दौरान दो कांवड़िए ट्रैक्टर के पास बैठे थे और बाकी भोजन की तैयारी में लगे थे। तभी अचानक तेज रफ्तार ट्रॉली ने दो युवकों को रौंद डाला।

हादसे में भगवानपुर भुता, बरेली निवासी 25 वर्षीय अंकित की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं प्रमोद गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौत की खबर मिलते ही जत्थे में हड़कंप मच गया।
ट्रैक्टर-ट्रॉली और डीजे वाहन को किया आग के हवाले
घटना के बाद कांवड़ियों का गुस्सा बेकाबू हो गया। आक्रोशित कांवड़ यात्रियों ने हाईवे पर जाम लगा दिया और जमकर हंगामा किया। देखते ही देखते कुछ लोगों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और साथ चल रहे डीजे वाहन को आग लगा दी गई।
इस दौरान लोकल भीड़ इतनी उग्र हो गई कि मौके पर पहुंचे कुछ अन्य कांवड़ियों को ही निशाना बना लिया गया। नवाबगंज से आए एक युवक को एक गुट ने पकड़कर पेड़ से बांध दिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी।
पुलिस-प्रशासन पर पड़ा दबाव
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। उझानी थाना क्षेत्र की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थिति बिगड़ती देख आस-पास के थानों से भी फोर्स बुला ली गई।
पुलिस ने पहले पेड़ से बंधे युवक को छुड़ाया और फिर प्रदर्शन कर रहे कांवड़ियों को शांत करने की कोशिश शुरू की। दमकल को बुलाकर आग पर काबू पाया गया हालांकि तब तक ट्रैक्टर पूरी तरह जल चुका था।
मृतक का शव पोस्टमार्टम को भेजा
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल प्रमोद का इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि चालक मौके से फरार हो गया था। फिलहाल, पुलिस हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामला शांत हो गया है लेकिन पुलिस बल की तैनाती की गई है।












Click it and Unblock the Notifications