Fact check: 25 लाख की सैलरी वाली नौकरी से रुबिका लियाकत को निकाला गया या खुद छोड़ा? अब एंकर ने कही ये बात
Rubika Liyaquat: मशहूर महिला पत्रकार और टीवी एंकर रुबिका लियाकत ने नेशनल हिंदी न्यूज चैनल 'भारत24' (Bharat24) से इस्तीफा दे दिया है। रुबिका लियाकत 'भारत-24' में वाइस प्रेजिडेंट और सीनियर न्यूज एंकर के पद पर थीं। अब सोशल मीडिया पर रुबिका लियाकत के नौकरी से इस्तीफा देने के बाद ये बहस छिड़ गई है कि, उन्हें नौकरी से निकाला गया है या फिर उन्होंने खुद छोड़ा है।
ज्यादातर सोसल मीडिया यूजर्स का दावा है कि रुबिका लियाकत को नौकरी से निकाला गया है। इसलिए उन्होंने मजबूरन इस्तीफा दिया है। वहीं कुछ यूजर ने लिखा कि, 25 लाख का पैकेज लेने रुबिका लियाकत चैनल के लिए कुछ अच्छा नहीं कर पाई। इन सब के बीच अब रुबिका लियाकत ने इस पर प्रतिक्रिया दी है।

आइए जानें रुबिका लियाकत ने नौकरी छोड़ी या उन्हें निकाला गया है?
ट्विटर यूजर और पत्रकार ज्ञानेंद्र तिवारी के ट्वीट पर जवाब देते हुए रुबिका लियाकत ने लिखा, ''प्यारे दोस्त, आपकी दुआ, आपका साथ इस ताकत को बेशुमार बढ़ा देता है...। बड़ा ऐलान जल्द इंशाअल्लाह। वैसे अफवाहों से तो कई चपड़गंजू अपनी रोजी चला रहे हैं...वरना इन्हें तो गली में भिनभिनाती मक्खी न पूछे....।''
पत्रकार ज्ञानेंद्र तिवारी ने ट्वीट कर लिखा था, ''देश रूबिका लियाकत को जानता है। 24 घंटे बीमार रहते हुए काम करते देखा है। बिना किसी गॉडफादर के स्टार बनी हैं। याद रखिएगा इतिहास कभी आखिरी बार नहीं लिखा जाता और रुबिका भविष्य है। रुबिका को निकालने की अफवाह भी वही फैला रहे हैं जो बेचारे हैं।''
इस ट्वीट से ये तो साफ हो जाता है कि रुबिका ने अपनी मर्जी से नौकरी छोड़ी है और वह जल्द ही किसी दूसरे संस्थान में जाने वाली हैं।
इसके अलावा एक वेबसाइट से भी बात करते हुए भारत24 के सीईओ और एडिटर-इन-चीफ डॉ. जगदीश चंद्रा ने कहा है कि रुबिका का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है। डॉ. जगदीश चंद्रा ने कहा, ''चैनल ने भारी मन से रुबिका का इस्तीफा स्वीकार किया है...क्योंकि खुशी में ही हमारी खुशी है। हम उनके फैसले का सम्मान करते हैं। यह सब कुछ हमारी आपसी सहमति से हुआ है।''
उन्होंने कहा कि, ''रुबिका का लगभग 6 माह का कार्यकाल भारत24 में काफी शानदार रहा है। उन्होंने पूरी मेहनत और लगन से यहां काम किया है।'' हालांकि उन्होंने ये नहीं बताया कि रुबिका ने नौकरी क्यों छोड़ी। लेकिन ये तो साफ कर दिया कि उन्होंने इस्तीफा अपनी मर्जी से दिया है।
जानिए रुबिका लियाकत के बारे में?
-रुबिका लियाकत देश की जान-मानी महिला पत्रकार, एंकर और रिपोर्टर हैं। राजस्थान उदयपुर की रहने वालीं रुबिका मुंबई यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट हैं। उन्होंने FMCC से पढ़ाई की है।
-रुबिका ने अपने करियर की शुरुआत 'लाइव इंडिया' से की है। यहां वह 2007-08 तक रहीं। उसके बाद रुबिका 2008 में नए लॉन्च हुए चैनल 'न्यूज24' बतौर एंकर शामिल हो गईं।
-रुबिका उसके बाद जी न्यूज में रिपोर्टर बनकर आईं और धीरे-धीरे एंकरिंग करने लगीं। जी न्यूज में उन्होंने काफी सालों तक काम किया। जिसके बाद वह एबीपी न्यूज गईं। जहां काम के दौरान वह देशभर में मशहूर हुईं। एबीपी न्यूज से वो भारत24 आ गई थीं।

Fact Check
दावा
दावा: मशहूर महिला पत्रकार रुबिका लियाकत को हिंदी न्यूज चैनल 'भारत24' से वाइस प्रेजिडेंट और सीनियर न्यूज एंकर के पद से निकाला गया है।
नतीजा
सच: रुबिका लियाकत को हिंदी न्यूज चैनल 'भारत24' से निकाला नहीं गया है, उन्होंने खुद इस्तीफा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications