Fact Check: बिहार चुनाव में हार के बाद तेजप्रताप की बिगड़ी तबीयत, क्या हॉस्पिटल में हैं भर्ती? क्या है सच?
Tej Pratap Yadav Fact Check: बिहार विधानसभा चुनाव-2025 के नतीजों के बाद सोशल मीडिया पर एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर में जनशक्ति जनता दल के प्रमुख और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव अस्पताल के बेड पर लेटे नजर आ रहे हैं। उनके चेहरे पर ऑक्सीजन मास्क लगा हुआ है। दावा यह किया जा रहा है कि महुआ सीट से मिली करारी हार के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
एक्स और फेसबुक पर कई यूजर इस तस्वीर को शेयर करते हुए चिंता जताते दिखे। कुछ पोस्ट में लिखा गया कि चुनावी नतीजों का असर तेजप्रताप की सेहत पर पड़ गया है और पूरा बिहार उनके जल्द ठीक होने की दुआ कर रहा है।

क्या सच में चुनाव हारने के बाद अस्पताल पहुंचे थे तेजप्रताप
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या तेजप्रताप यादव की यह वायरल फोटो वाकई बिहार चुनाव के बाद की है। क्या सच में उनकी हालत इतनी बिगड़ गई थी कि उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। वनइंडिया हिंदी की टीम ने इस वायरल दावे की पड़ताल की और जांच के बाद सामने आया कि सोशल मीडिया पर फैल रही यह कहानी भ्रामक है।
फैक्ट चेक में क्या निकला?
तस्वीर की सच्चाई जानने के लिए रिवर्स इमेज सर्च किया गया। इस दौरान कई न्यूज वेबसाइट के लेख मिले जो मार्च 2024 में प्रकाशित हुए थे। सभी रिपोर्टों में यही फोटो इस्तेमाल हुई थी और बताया गया था कि तेजप्रताप यादव को सीने में दर्द की शिकायत के बाद पटना के राजेंद्र नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

15 मार्च 2024 को कई न्यूज पोर्टल और यूट्यूब चैनलों ने यह खबर प्रकाशित और प्रसारित की थी। उन रिपोर्टों में साफ तौर पर लिखा था कि डॉक्टरों की टीम उनकी जांच कर रही है और जो फोटो सामने आई है वह उसी समय की है। चुनाव या किसी राजनीतिक घटना से इसका कोई लेना देना नहीं था।

वायरल दावे में कितनी सच्चाई?
सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावे के विपरीत यह तस्वीर चुनाव परिणाम के बाद की नहीं है। यह न तो हार के सदमे की वजह से अस्पताल पहुंचने वाली घटना है और न ही चुनावी तनाव का कोई असर। यह फोटो करीब नौ महीने पुरानी है जिसे अब नई घटना की तरह पेश किया जा रहा है।
फैक्ट चेक में यह भी साफ हुआ कि इसी पुरानी घटना को तोड़ मरोड़कर चुनाव के बाद की खबर की तरह सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं जिससे लोगों में अनावश्यक भ्रम और चिंता फैल रही है।
तेजप्रताप यादव की वायरल अस्पताल वाली फोटो चुनाव हारने के बाद की नहीं है। यह मार्च 2024 की घटना है जब उन्हें सीने में दर्द की शिकायत के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वर्तमान में सोशल मीडिया पर फैल रहा दावा पूरी तरह भ्रामक पाया गया है।
इसलिए अगर आप भी यह तस्वीर देखकर परेशान हो गए थे तो अब स्पष्ट हो जाए कि यह खबर चुनाव से जुड़ी नहीं बल्कि पुराने मेडिकल इंटिडेंट को गलत संदर्भ में पेश करने का मामला है।

Fact Check
दावा
दावा: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की हार के बाद तेजप्रताप यादव की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती।
नतीजा
फैक्ट: तेजप्रताप यादव बिल्कुल फिट हैं।












Click it and Unblock the Notifications